जम्मू-कश्मीर का विशेषाधिकार खत्म होगा: राजनाथ सिंह

0

No

लखनऊ, 28 अप्रैल (हि.स.)। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लखनऊ में मतदाता जागरुकता कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि जम्मू कश्मीर का विशेषाधिकार खत्म होगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में दो चार संगठनों को छोड़कर बाकी सभी भारत के साथ हैं। वहां के कुछ संगठन जनता को भड़काकर अलगाववाद पैदा करना चाहते हैं लेकिन वहां की अधिकांश जनता भारत के साथ रहना चाहती है।
गृहमंत्री ने कहा कि अभी कुछ ही दिन पहले वहां के पूर्व मुख्यमंत्री ने कह दिया कि यहां दो प्रधानमंत्री रहने चाहिए, एक भारत का और एक जम्मू कश्मीर का। हमने उसी समय कह दिया था कि जब संवैधानिक पद पर रह चुका व्यक्ति ऐसा कहता है तो भारत के संविधान की धारा 370 एवं 35ए के तहत जम्मू-कश्मीर को मिले विशेषाधिकार की गम्भीरता से समीक्षा होनी चाहिए। इसलिये धारा 370 एवं 35ए को समाप्त कर देना चाहिये। राजनाथ सिंह ने कहा कि अब विश्व के देशों में भारत की धारणा बदल गयी है, चित्र बदल रहा है। आज हमारा देश विश्व में सबसे ज्यादा आर्थिक वृद्धि करने वाला देश माना जाने लगा है।अगर इसी तरह यह आर्थिक वृद्धि जारी रही तो 2030 तक हम विकसित राष्ट्र की श्रेणी में आ जायेंगे।
गृहमंत्री ने कहा कि 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद हमारा देश तेजी से आगे बढ़ा है। सारी दुनिया के लोगों को इस बात एहसास है कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।विश्व की मानी जानी एजेन्सियों ने स्वीकार किया है कि दुनिया में सर्वाधित तेजी से आगे बढ़ने वाले देशों में भारत है। भारत की गिनती दुनिया के गरीब देशों में होती थी लेकिन अब विश्व के वही देश भारत को सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला देश मानते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंत्री बृजेश पाठक, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, राज्यसभा सांसद अशोक बाजपेयी, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, भगवान सिंह रावत, अजय भट्ट, उच्च शिक्षा मंत्री वीर सिंह रावत, त्रिलोक सिंह अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *