आजादी की 100वीं वर्षगांठ तक भारत बनेगा विकसित : मनोज सिन्हा

0

गाजीपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। गाजीपुर लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि आजादी की 70 वर्षों बाद भी सभी विधा, सम्पदा से परिपूर्ण हमारा देश अब तक विकासशील देशों की श्रेणी में है। यह हमारे लिए अच्छी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह संकल्प लिया है कि जब हम 2047 में आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनायें तब हमारा देश विकासशील नहीं विकसित भारत कहलाए।
शनिवार को सिन्हा ने जंगीपुर विधानसभा के बन्तरा, तियरा, गोपालपुर, चौबेपुर, पिपनार, कोड़री, बहलोलपुर, नखतपुर और बिजौरा गांवों में जनसभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों के नरेन्द्र मोदी सरकार के काम से जब देश की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार हुआ है। देश के अंदर भौतिक संरचनाओं का आधार सुदृढ और मजबूत हुआ है। देश अपनी जरूरतों को पूरा करने में सक्षम हुआ है। जिससे भारत जल्द ही विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था का देश बन जाएगा।
देश के प्रति विपक्ष के रवैये की निन्दा करते हुए रेल राज्य मंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि भाजपा किसी को भी देश के सम्मान के साथ खिलवाड़ नहीं करने देगी। सेना के शौर्य को अपमानित करने वाले तथा पाकिस्तान की भाषा बोलने वाले लोगों को भारत की राजनीति से सदा सर्वदा के लिए दूर कर देने का यह अवसर है।
गाजीपुर में पिछले पांच वर्षों में हुए कार्यों की चर्चा करते हुए मंत्री सिन्हा ने कहा कि पिछली बार के चुनाव में आपके मत को कर्ज स्वरूप लेते हुए ब्याज सहित चुकता कर दिया है। इस बार के सहयोग समर्थन का कर्ज चक्रवृद्धि ब्याज सहित वापस करुंगा।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *