यूपी बोर्ड: हाईस्कूल में 80.07, इण्टरमीडिएट में 70.06 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण

0

No

हाईस्कूल में कानपुर के गौतम रघुवंशी और इण्टरमीडिएट में बागपत की तनु तोमर ने किया टॉप
प्रयागराज, 27 अप्रैल (हि.स.)। माध्यमिक शिक्षा परिषद्, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा का परिणाम शनिवार को घोषित किया गया। हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में सम्पूर्ण परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.07 तथा इण्टरमीडिएट में 70.06 प्रतिशत रहा। हाई स्कूल में कानपुर के गौतम रघुवंशी ने टॉप किया है। वहीं इण्टरमीडिएट में बागपत की तनु तोमर ने टॉप किया है।
बोर्ड के शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) विनय कुमार पाण्डेय एवं बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव ने बताया कि हाईस्कूल में 31,69,583 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 28,39,284 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए और 22,73,304 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.07 प्रतिशत है। इसी प्रकार इण्टरमीडिएट की परीक्षा में कुल 26,03,169 पंजीकृत थे जिनमें से 23,52,049 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए और 16,47,919 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार इण्टर का उत्तीर्ण प्रतिशत 70.06 है।
उन्होंने बताया कि हाईस्कूल में 31,69,583 संस्थागत एवं 23,004 व्यक्तिगत परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से कुल 28,39,284 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 22,73,304 सफल हुए। इसमें 15,17,984 बालक एवं 13,21,300 बालिकाएं हैं, जिनमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 76.66 तथा बालिकाओं का 83.98 प्रतिशत है। इसी प्रकार इण्टरमीडिएट की परीक्षा में 12,47,375 बालक तथा 11,04,674 बालिकाएं है। इनमें से 8,03,330 बालक तथा 8,44,589 बालिकाएं उत्तीर्ण हुई हैं। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 64.40 एवं बालिकाओं का 76.46 प्रतिशत है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *