राष्ट्रवादी प्रेरणा, अंत्योदय दर्शन और सुशासन हमारा मंत्र: गिरिराज

0

बेगूसराय,19अप्रैल(हि.स.)। बेगूसराय लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की चुनावी जंग में शामिल तीन योद्धाओं में सबसे पहले गिरिराज सिंह ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। संकल्प पत्र ‘राष्ट्रवाद हमारी प्रेरणा, अंत्योदय हमारा दर्शन और सुशासन हमारा मंत्र’ पर केंद्रित किया गया है। कहा गया है कि राजनीतिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बेगूसराय हमेशा से रचनात्मक संघर्ष की धरती रही है। बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह की पहल पर औद्योगिक राजधानी के रूप में यह स्थापित हुआ था लेकिन बाद में विकास विरोधी अराजक वामपंथी एवं कांग्रेस सरकारों की उपेक्षा का शिकार होने के कारण अपनी औद्योगिक धरोहरों को बचाने में लगा रहा। 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी तो 40 साल तक उपेक्षा और अराजकता का दंश झेल रहे बेगूसराय को नवजीवन मिला। बेगूसराय ने विकास की तेज रफ्तार पकड़ी है। बरौनी रिफाइनरी की क्षमता एमएमटीपीए की गयी। 8287 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिकीकरण हो रहा है। आधुनिकीकरण से पेट्रोकेमिकल की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा। 1161 करोड़ रुपए की लागत से सिमरिया में सिक्स लेन सड़क पुल बन रहा है। सिमरिया पुल के रेल पथ का दोहरीकरण हो रहा है। गढ़हारा में लोको शेड का कार्य पूरा हो चुका है। बरौनी फर्टिलाइजर को छह हजार करोड़ की लागत से गैस आधारित पुनर्जीवित करने का कार्य किया जा रहा है। बख्तियारपुर-खगड़िया फोरलेन के साथ मुंगेर पुल का सड़क मार्ग बनाने का कार्य चल रहा है जबकि इसी सरकार में रेल परिचालन शुरू हुआ। संकल्प पत्र में केंद्र सरकार प्रायोजित शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन खाता, अटल पेंशन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी योजना, प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, मुद्रा योजना एवं जीवन सुरक्षा योजना की जिले में उपलब्धियों का भी खाका पेश किया गया है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *