अमेठी में आज राहुल का मेगा शो, नामांकन में साथ होंगी प्रियंका और सोनिया

0

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को उत्तर प्रदेश के अमेठी से अपना नामांकन करेंगे। उनके साथ उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, रॉबर्ट वाड्रा, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी मौजूद रहेंगी।
लोकसभा चुनाव 2019 के प्रथम चरण के लिए शुक्रवार को वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में कुल 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान होना है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को अमेठी संसदीय क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन से पहले राहुल गौरीगंज में रोड शो भी करेंगे। राहुल का रोड शो बुधवार की सुबह करीब 10 बजे मुंशीगंज से शुरू होगा, फिर वह कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचकर अपना नामांकन भरेंगे।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी मंगलवार शाम रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंच चुके हैं। वह पिछले 15 साल से लोकसभा में अमेठी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आज वह चौथी बार अमेठी से नामांकन पत्र भरेंगे। यहां से इस बार राहुल गांधी का भाजपा की शक्तिशाली केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से मुकाबला है। ईरानी 2014 में भी यहां से मैदान में थीं और करीब एक लाख सात हजार मतों के अंतर से चुनाव हार गयी थीं।
अमेठी में पांचवे चरण में छह मई को मतदान है। चूंकि राहुल केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए स्मृति जुबिन ईरानी को मात देने के लिए कांग्रेस महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने जिम्मेदारी संभाल रखी है। ऐसे में अमेठी में जहां मुकाबला दिलचस्प होगा वहीं राहुल की जीत के लिए इस बार कांटे की टक्कर है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *