कंगना पर फिर तंज कसा करण ने

0

मुंबई, 03 अप्रैल (हि स)। कंगना और करण जौहर के बीच लंबे समय से तकरार चल रही है। कंगना उस वक्त सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने खुलकर करण जौहर पर फिल्म इंडस्ट्री में परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए उनको मूवी माफिया तक बोल दिया था। इसके बाद कंगना और करण के बीच तल्खी बढ़ती चली गई और कंगना ने हर किसी मौके पर करण की आलोचना की। इस बीच में एक टीवी शो के सेट पर कंगना को करण जौहर के साथ भी देखा गया, जहां करण जौहर जज के तौर पर थे और कंगना वहां मेहमान के तौर पर गई थीं। उस मौके पर दोनों ने बहुत सहजता के साथ मीडिया के कैमरों के सामने पोज भी दिए थे, लेकिन इसके बाद भी दोनों के रिश्तों में तल्खी बनी रही। एक बार फिर करण को कंगना पर तंज कसने का मौका मिला और उन्होंने इस मौके को हाथ से नहीं जाने दिया। एक म्यूजिकल शो में शामिल होने आए करण जौहर के सामने जब परिवारवाद की बात आई, तो मुस्कराते हुए उन्होंने कहा कि ये शब्द किसी और को पसंद है और मुझे इस पर कुछ कहने की कोई जरुरत नहीं है। मैं कुछ बोलूंगा तो लोगों को लगेगा कि मैं क्या बोल रहा हूं। ये काम मैंने किसी और को दे दिया है। करण के इस तंज पर अब इंतजार हो रहा है कि कंगना किस तरह की प्रतिक्रिया देती हैं। ये बात तो तय मानी जा रही है कि कंगना चुप तो नहीं बैठेंगी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *