सीमा के नजदीक पहुंचे पाकिस्तानी विमान, वायुसेना की त्वरित कार्रवाई से लौटे वापस

0

नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय वायुसेना ने सोमवार को पंजाब की सीमा के नजदीक पाकिस्तानी जहाज देखे जाने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने लड़ाकू जहाज तैनात कर दिए। इसके चलते पाकिस्तानी जहाजों को पीछे हटना पड़ा।
पंजाब के खेमकरण सेक्टर के नजदीक भारतीय रडारों ने बड़े आकार के अज्ञात विमानों को उड़ते पाया और पाकिस्तान के चार एफ-16 लड़ाकू जहाजों को भारतीय सीमा के नजदीक उड़ते हुए पाया। यह घटना सुबह करीब तीन बजे हुई थी। जैसे ही घटना का पता चला भारतीय वायुसेना के सुखोई-30 एमकेआई और मिराज-2000 फाइटर जेट प्रतिक्रिया के लिए तैयार हो गए।
बताया जा रहा है कि भारत की कार्रवाई ने पाकिस्तानी जहाजों को वापस लौटने को मजबूर कर दिया। यह पिछले दिनों भारत और पाकिस्तान के बीच उपजे तनाव के बाद एक बढ़ा घटनाक्रम माना जा रहा है, जिससे दोनों देशों के बीच में फिर से तनाव की स्थिति उपजी है।
भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकाने पर हवाई हमला किया था। यह घटना भारत में सीआरपीएफ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक कारवां पर जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में किए गए हमले प्रतिक्रिया के तौर पर की गई थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *