कांग्रेस आपातकाल से भी अधिक धूर्तता पर आमादाः नरेन्द्र मोदी

0

नई दिल्ली, 19 दिसम्बर (हि.स.)।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र का विरोध करने और देश की जनता को गुमराह करने में इन दिनों आपातकाल से भी अधिक धूर्तता का प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की भ्रम और झूठ फैलाने वाली राजनीति का जोरदार प्रतिकार करने का आग्रह किया।
मोदी ने तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के पांच संसदीय क्षेत्रों दक्षिणी चेन्नई, वेल्लूर, कांचीपुरम, पुद्दुचेरी और विलुपुरनम के भाजपा कार्यकर्ताओं को वीडिया कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला करना कांग्रेस के डीएनए में है। इसी मूल प्रवृत्ति के कारण इस पार्टी ने देश पर आपातकाल थोपा था जिसका देश की जनता ने जबरदस्त विरोध किया था। झूठ और फरेब की कांग्रेस की राजनीति को आज फिर मुंहतोड़ जवाब देने का समय है।
राज्य विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद मोदी के तीखे तेवर आज पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद में भी नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग, नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (सीएजी) और न्यायपालिका पर हमला करने से भी नही बाज आ रही है। जब कोई बात उसके मनमुताबिक या उसके पक्ष में नही होती तो वह पूरी प्रणाली पर ही संदेह व्यक्त करती है। मतदान की ईवीएम मशीनों के बारे में भी देश में उसने ऐसा ही माहौल बनाने की कोशिश की चुनाव नतीजे यदि उसके खिलाफ जाते हैं तो वह ईवीएम मशीन और चुनाव आयोग पर हमला करती है। नतीजे अगर उसके पक्ष में आते हैं तो वह चुप रहती है।
मोदी ने कहा कि न्यायपालिका के संबंध में भी कांग्रेस का यही रवैया है। राफेल विमान सौदे के संबंध में उच्चतम न्यायालय के संबंध में उन्होंने कहा कि न्यायालय ने जब कांग्रेस के विभिन्न आरोपों को खारिज कर दिया तो वह फैसले को मानने से आनाकानी कर रही है। इसी तरह पूर्व में इस पार्टी ने न्यायपालिका को डराने धमकाने की कोशिश की थी तथा उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग चलाने की पहल की थी। यह पार्टी भारतीय सेना को अपमानित करने से भी बाज नही आई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की हालत उस परीक्षार्थी की तरह है जो परीक्षा देने के बाद सफलता के लंबे चौड़े दावे करता है और परीक्षा में फेल होने के बाद कॉपी जांचने वाले परीक्षक, अध्यापक और विद्यालय को कोसता है।
मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओ को 2019 आम चुनाव जीतने के लिए तीन सूत्रीय मंत्र दिया। मंत्र है इन्फार्म ( लोगों को जानकारी देना), इंक्रीज ( अधिक से अधिक लोगों से मिलना) और इंप्रूव (अपनी सक्रियता को प्रभावी बनाना)।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि झूठ और अफवाहों के अंधकार को सत्य और सही सूचनाओं के प्रकाश से हराया जा सकता है। सूचना रुपी सूर्य, झूठ रुपी जिवाणुओं और विषाणुओं को नष्ट करने का सबसे कारगर तरीका है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *