राफेल मुद्दे पर मुखरित रहेगी भाजपा, खोलेंगे कांग्रेस के झूठ का पुलिंदा

0

गोरखपुर, 18 दिसम्बर (हि.स.)। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में हारने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर आंदोलन की राह पकड़ने का मन बना लिया है। इधर, राफेल मुद्दे पर आए सुप्रीम कोर्ट के निर्णय ने भी इसे संजीवनी दे दी है। निर्णय से उत्साहित भाजपा आज और कल तक प्रदर्शन कर राफेल मुद्दे पर कांग्रेस को घेरेगी। जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी सौंपेगी।
राफेल पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद भाजपा ने कांग्रेस को घेरने की पूरी रणनीति बना ली है। 18 और 19 दिसम्बर को लगातार दो दिन भाजपा के नेता और कार्यकर्ता सभी जिलों से जिलाधिकारी के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजेंगे।
उल्लेखनीय है कि राफेल मामले में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। इसके बाद से भाजपा मुखरित है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस द्वारा झूठ बोलकर देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया गया है। इसलिए चुनावों में बोले गए इस झूठ का भाजपा अब खुलासा करेगी।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक, कांग्रेस के इस झूठ के पुलिंदे का खुलासा होगा। जनता को सच्चाई जानने का हक है। इसलिए दो दिन तक पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सभी जिलों में जिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे तथा इस झूठ के पुलिंदे का खुलासा करेंगे और आम आदमी को झूठी कांग्रेस के प्रति आगाह करेंगे। इतना ही नहीं कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा रक्षा सौदों में किए गए घपलों का भी खुलासा होगा। राफेल डील के पारदर्शी सौदे में आने वाली अड़चनों और कांग्रेस की नीयत के बारे में भी लोगों को आगाह किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *