बारिश से धान खरीदी ठप, किसान परेशान

0

बिलासपुर, 18 दिसम्बर (हि.स.)। पेथाई चक्रवात के कारण प्रदेश में हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। एक तरफ तो प्रदेश की सत्ता में आई कांग्रेस सरकार ने किसानों के कर्ज माफ किए हैं, जिससे किसान वर्ग में बहुत खुशी है पर प्राकृतिक प्रकोप ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। जिले के 128 खरीदी केंद्रो में बारिश के कारण खरीदी ठप पड़ गयी है। धान की सुरक्षा के बेहतर इंतजामात के दावे भी फेल नजर आए। सैकड़ों किसानों को बदइंतजामी से समस्या झेलनी पड़ रही है। बे-मौसम बारिश में बोरियां भीगती रहीं, लेकिन केंद्रों में पर्याप्त कैप कवर मौजूद नहीं थे। भरनी, मस्तूरी, सेमरताल संग्रहण केंद्र में भूसे और ईटें तक मौजूद नहीं हैं।
सहकारी बैंक के सीईओ अभिषेक तिवारी का कहना है कि अचानक बारिश ने धान खरीदी को प्रभावित किया है। सभी समितियों को बारिश के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के लिए निर्देशित किया गया है। बारिश थमने के बाद खरीदी सुचारू रूप से जारी हो जाएगी। मौसम में अचानक हुए बदलाव के कारण जिन किसानों को टोकन दिया गया, उनके धान भींग गये, जो खरीदने योग्य नहीं बचे। इसी के साथ सब्जी उगाने वाले किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें नज़र आ रही हैं। अचानक हुई बारिश के कारण सब्जियों के खराब होने की आशंका है। बाजार में सब्जियों के दाम बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *