छतीसगढ़ में 68 सीटों के साथ कांग्रेस का 15 वर्षों का राजनीतिक वनवास खत्म

0

रायपुर, 12 दिसम्बर (हि.स.)। देर रात तक जारी मतगणना के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की सभी 90 सीटों के नतीजे आ गए हैं| कांग्रेस ने 68 सीटों पर जीत हासिल की है। यहां भाजपा 15 सीटों पर सिमट गई है| पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की छतीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) को 7 सीटें मिली है| खास बात यह कि अजीत जोगी का कुनबा विधानसभा में पहुंचने में कामयाब रहा, जबकि सहयोगी बसपा का खाता भी नहीं खुल सका| इस बार जनता ने कांग्रेस को रिकार्ड मतों से जीत दर्ज कराकर 15 वर्षों का सियासी वनवास खत्म कर दिया है। प्रदेश में भाजपा का मिशन 65 प्लस पूरी तरह से असफल रहा। भाजपा की 15 साल से बसी-बसाई सल्तनत इस तरह धाराशायी हुई कि न मंत्री बच सके और न ही सिपहसालार। भाजपा के आधा दर्जन से ज्यादा मंत्री बुरी तरह से हारे। इसमें कद्दावर मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डे, राजेश मूणत , भैयालाल राजवाड़े, महेश गागड़ा, केदार कश्यप, अमर अग्रवाल, दयालदास बघेल, रामसेवक पैकरा को हार का सामना करना पड़ा। विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल को भी करारी हार झेलनी पड़ी।
इधर बस्तर की बात करें तो यहां पर भी भाजपा पूरी तरह से असफल रहा। सरगुजा में भी भाजपा चारों खाने चित हो गयी। दुर्ग-रायपुर में भी भाजपा अपनी साख नहीं बचा सकी। रायपुर की चार सीटों पर सिर्फ बृजमोहन ही जीते, बाकी की तीन सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया।
भाजपा के खिलाफ किस कदर लहर थी, इसका इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोई मंत्री की हार का अंतर 10 हजार से कम नहीं है। मंत्री राजेश मूणत और अमर अग्रवाल तो 12-12 हजार से अधिक वोटों से हारे। वहीं केदार कश्यप , महेश गागड़ा, प्रेमप्रकाश पांडेय की भी हार का अंतर बहुत बड़ा रहा।
इन मंत्रियों ने बचाई भाजपा की लाज
किसी तरह से मुख्यमंत्री रमन सिंह, अजय चंद्राकर, बृजमोहन अग्रवाल, पुन्नूलाल मोहले ने जीत दर्ज कर भाजपा की लाज बचाई। जहां पिछले तीन चुनाव में भाजपा 50 और 49 सीटें ला रही थी, वहां इस बार के चुनाव में भाजपा सिर्फ 15 सीट पर ही सिमट गई। जबकि कांग्रेस ने 68 सीटों पर जीत दर्ज कर एक नया इतिहास रच दिया है।
इधर हम छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) की बात करें तो भाजपा से अच्छा परफार्मेंस रहा, जिसने 2 महीने पहले मिले सेंबल के आधार जोगी कांग्रेस ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *