केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने मंत्री पद छोड़ा!

0

नई दिल्ली, 10 दिसम्बर (हि.स.)। बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर राजग में नाराज चल रहे राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) प्रमुख और केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। दिल्ली रालोसपा केंद्रीय कार्यालय के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा भेज दिया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है| बिहार में लोकसभा सीट सेयरिंग को लेकर बीते कई दिनों से नाराज चल रहे उपेंद्र कुशवाहा अपनी पार्टी के लिए पहले की तुलना में इस बार अधिक सीटें चाहते हैं। लेकिन बिहार में भाजपा के साझीदार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भाजपा में 17-17 सीटों पर बात बनने के साथ ही कुशवाहा नाराज चल रहे थे।
कुशवाहा ने पिछले दिनों लोकतांत्रिक जनता दल के संरक्षक पूर्व केन्द्रीय मंत्री शरद यादव से मुलाक़ात की थी| इससे पूर्व वह राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव से भी मिल चुके हैं| ऐसे में कयास लगाये जा रहे हैं कि कुशवाहा अब बिहार में महागठबंधन में शामिल हो जाएंगे| वर्ष 2014 के चुनाव में कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी को भाजपा ने तीन सीटें दी थी| तब पार्टी तीनों सीटें जीतने में सफल रही थी| हालांकि बाद के दिनों में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के कद्दावर नेता और जहानाबाद के सांसद अरुण कुमार ने कुशवाहा से मतभेद के कारण अलग राह पकड़ ली| कुशवाहा के राजग से अलग होने के बाद अब अरुण कुमार राजग के साथ जुड़े रह सकते हैं| कुशवाहा के राजग से अलग होने की चर्चा करीब दो हफ्ते से तेज थी| कारण उनको अहमियत न दिया जाना था| कुशवाहा ने प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष स्मित शाह से मिलकर अपनी व्यथा बतानी चाही थी लेकिन दोनों में से किसी ने उन्हें अहमियत नहीं दी|


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *