भाजपा ने राहुल से पूछा,चीन यात्रा के दौरान किन नेताओं से करेंगे मुलाकात

0

नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सवाल किया है कि वह चीन यात्रा के दौरान किस-किस नेता से मिलेंगे, उन्हें यह बताना चाहिए। पार्टी ने कहा कि राहुल को चीन से प्रेम है यह अब जगजाहिर हो गया है। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी को ‘चायनीज गांधी’ कहकर संबोधित किया।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जब डोकलाम को लेकर चीन से विवाद चल रहा था तब वह रात के अंधेरे में जाकर चीनी राजनयिक से मिले। जब उनकी मुलाकात की बात उजागर हुई तो उन्होंने इससे इनकार किया| बाद में कांग्रेस ने उनकी चीनी राजनयिक से मुलाकात को स्वीकार किया। पात्रा ने कहा कि राहुल को हर विवाद पर देश और सेना की बात पर भरोसा नहीं है वह चीन पर विश्वास करते हैं। अगर उन्हें देश पर विश्वास होता तो वह डोकलाम विवाद पर विदेश मंत्रालय से जानकारी ले सकते थे। उन्हें अगर चीन के बारे में जानकारी लेनी थी तो राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) से पूछ सकते थे।
पात्रा ने कहा कि जर्मनी यात्रा के दौरान डोकलाम विवाद पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। जबकि राहुल संसद की विदेश मामलों की समिति के सदस्य भी हैं। पात्रा ने कहा कि राहुल समय-समय पर अपने चीन प्रेम को लेकर ट्वीट कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वह चीन में कितने लोगों को रोजगार मिले इसकी जानकारी तो रखते हैं और सराहना करते हैं किंतु जब संसद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रोजगार को लेकर आंकड़े दिए तो उन्होंने नहीं सुना।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस अध्यक्ष से पूछा कि वह चीनी प्रवक्ता की तरह व्यवहार क्यों करते हैं।
उन्होंने कहा कि 2008 बीजिंग ओलंपिक के दौरान पूरे गांधी परिवार को चीन ने आमंत्रित किया था। बीजिंग से लौटते वक्त उन्हें चीनी अधिकारी एयरपोर्ट छोड़ने पहुंचे थे। पात्रा ने कहा कि राहुल के चीन रवाना होने से पहले उन्हें हवाई अड्डे पर विदा करने के लिए चीनी राजनयिक ने सरकार से अनुमति मांगी थी। सवाल ये है कि राहुल क्यों चाहते थे कि उन्हें विदा करने चीनी राजनयिक हवाई अड्डे पर जाएं, उन्हें याद रखना चाहिए कि वह राहुल गांधी हैं ‘चायनीज गांधी’ नहीं हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि राहुल को बताना चाहिए कि वह चीन यात्रा के दौरान किन-किन नेताओं से मिलेंगे और अगर वह किसी नेता से नहीं मिलेंगे तो उन्हें बताना चाहिए कि वह किसी से नहीं मिलेंगे।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष मानसरोवर की यात्रा के लिए आज रवाना हुए हैं। वह वाया नेपाल, चीन मानसरोवर पहुंचेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *