रंगारंग समारोह के साथ एशियन खेलों का शुभारंभ, नीरज चोपड़ा ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ किया भारतीय दल का नेतृत्व

0

नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। जकार्ता के गिलोरा बंग कार्नो स्टेडियम में रंगारंग समारोह के साथ 18वें एशियाई खेलों की शुरुआत हो चुकी है। इंडोनेशिया दूसरी बार एशियाई खेलों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने पहली बार साल 1962 में एशियाई खेलों की मेजबानी की थी।
उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध इंडोनेशियाई गायक अंगीन के साथ रायसा, तुलुस, ईदो कोंडोलॉजिट, पुत्री अयू, फातिन, जीएसी, कामसेन और वाया वेलेन ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
समारोह के दौरान डेनी मलिक और एके सुप्रियान्टो के द्वारा कोरियोग्राफ किए गए गानों पर 4,000 डांसरों ने अपने नृत्य से सबका मन मोह लिया।
राष्ट्र मंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता के नीरज चोपड़ा ने तिरंगे झंडे के साथ भारतीय दल का नेतृत्व किया। भारतीय खिलाड़ी फॉर्मल सूट पहनकर और हाथ में तिरंगे के साथ उद्घाटन समारोह में पहुंचे।
गौरतलब है कि खेल मंत्रालय ने 804 सदस्यों के भारतीय दल को इन खेलों में शामिल होने के लिए अनुमति दी। इसमें 572 खिलाड़ी शमिल हैं। एशियाई खेलों की बात करें तो इस बार 45 देशों से लगभग 10 हजार एथलीट इसमें हिस्सा ले रहे हैं, जो 58 खेलों में भाग लेंगे।
ईरान और इराक के लिए यह पहला मौका है, जब उद्घाटन समारोह में उनकी ध्वजवाहक महिला खिलाड़ी बनी है। ईरान के लिए शूटर एलाह अहमदी ने ध्वजवाहक की भूमिका निभाई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *