वाजपेयी की अस्थियां गंगा समेत 100 पवित्र नदियों में विसर्जित की जाएंगी

0

नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां रविवार को हरिद्वार में गंगा में विसर्जित की जाएंगी। इसके साथ ही वाजपेयी की अस्थियां देश में अलग-अलग स्थानों पर 100 पवित्र नदियों में भी विसर्जित की जाएंगी।
भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव के अनुसार रविवार को मुख्य विसर्जन कार्यक्रम हरिद्वार में होगा। दोपहर 11 बजे से 2 बजे के बीच पूरे धार्मिक विधि विधान से हरिद्वार में गंगा में विसर्जन कार्यक्रम किया जाएगा। इसमें वाजपेयी के परिजनों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत मौजूद रहेंगे। दिल्ली में 20 अगस्त को व लखनऊ में 23 अगस्त को सार्वजनिक सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभाएं होंगी।
उन्होंने बताया कि वाजपेयी की याद में 20 अगस्त को शाम 4 बजे से साढ़े 6 बजे तक दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में सार्वजनिक सर्वदलीय श्रद्धांजलि व प्रार्थना सभा का आयोजन होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विभिन्न दलों के नेता मौजूद रहेंगे। इसके बाद देश की सभी राजधानियों, जिला मुख्यालयों व पंचायत समितियों में श्रद्धांजलि सभाएं होंगी।
यादव ने कहा कि वाजपेयी के प्रति पूरे देश से उमड़े प्यार और लोगों की भावनाओं को देखते हुए पार्टी ने उनकी याद में देशभर में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी के लखनऊ से लगाव व विशेष संबंधों को देखते हुए 23 अगस्त को वहां पर भी गोमती में अस्थि विसर्जन व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उनके परिजन भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद देश के सभी राज्यों के राजधानियों में वाजपेयी के अस्थि कलश पहुंचेंगे, जहां भाजपा कार्यालयों में उनको रखा जाएगा और वहां से अलग-अलग स्थानों पर प्रमुख शहरों में स्थित पवित्र नदियों में विसर्जित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में भाजपा व राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के वरिष्ठ नेता, केंद्र व राज्य सरकारों के मंत्री भी रहेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *