प्रधानमंत्री मोदी रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मिले

0

  1. जोहानसबर्ग , 27 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां ब्रिक्स सम्मेलन से इतर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से द्विपक्षीय वार्ता की और कहा कि भारत और रूस के बीच दोस्ती बहुत पुरानी है और इसकी जड़ें बहुत गहरी हैं।

    प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा , ‘‘ राष्ट्रपति पुतिन के साथ विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत और सकारात्मक बातचीत हुई। रूस के साथ भारत की दोस्ती बहुत गहरी है और भारत एवं रूस विभिन्न क्षेत्रों में साथ मिलकर काम करते रहेंगे। ’’

    बाद में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक ट्वीट में कहा, “ दोनों नेताओं ने आपसी हितों खासतौर से व्यापार , निवेश , ऊर्जा , रक्षा और पर्यटन संबंधी द्विपक्षीय मुद्दों पर व्यापक चर्चा की।”

    उन्होंने बताया कि मोदी – पुतिन के बीच बैठक स्थानीय समयानुसार आधी रात को खत्म हुई।

    विदित हो कि इससे पहले मोदी और पुतिन की पिछली अनौपचारिक मुलाकात रूस के सोच्चि में हुई थी। दोनों नेता जून में चीन के छिगंदाओ प्रांत में आयोजित शंघाई कॉरपोरेशन ऑर्गेनाइजेशन शिखर सम्मेलन से से इतर भी मिले थे।

    पिछले मई महीने में सोच्चि में मुलाकात के दौरान भारत और रूस ने अपनी कूटनीतिक साझेदारी को ‘‘ विशेषाधिकार कूटनीतिक साझेदारी ’’ में बदला था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *