पहले भी होती रही है लिंचिंग, रोकना राज्यों की जिम्मेदारी : राजनाथ

0

नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को लोकसभा में मॉब लिंचिंग मुद्दे पर कहा कि यह सच है कि देश के कई भागों में लिंचिंग की घटनाओं में कई लोगों की जान गई, लेकिन ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि मॉब लिंचिंग के कारण जिनकी भी मौत हुई, उसकी वे सरकार की ओर से कड़ी निंदा करते हैं, लेकिन ऐसी घटनाओं को रोकने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है।
उन्होंने यह भी कहा कि गृह मंत्रालय की ओर से इसे लेकर बार-बार एडवाइजरी जारी की गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने के लिए भी एजेंसियों से कहा गया है। उन्होंने कहा कि जहां भी ऐसी घटनाएं हुईं वहां के मुख्यमंत्रियों से मैंने भी बात की है और ऐसी घटनाओं के पीछे जो भी लोग हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। लोकसभा में कांग्रेस के सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने यह मुद्दा उठाया, जिसे लेकर सदन में जोरदार हंगामा शुरू हो गया। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने हंगामे के लिए सांसदों को फटकार भी लगाई। बाद में राजनाथ सिंह के जवाब से असंतुष्ट होकर कांग्रेस सांसद सदन से बाहर चले गए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *