अनुराग ठाकुर बने लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक

0

नई दिल्ली, 17 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसद के मानसून सत्र से ठीक एक दिन पहले अनुराग ठाकुर को लोकसभा में मुख्य सचेतक नियुक्त किया है। ठाकुर को राकेश सिंह की जगह यह दायित्व सौंपा गया है।
पार्टी ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर को लोकसभा में पार्टी का मुख्य सचेतक नियुक्त किया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि राकेश सिंह के मध्य प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किये जाने के बाद ठाकुर को यह दायित्व दिया गया है।
चूंकि मध्य प्रदेश में इस साल के आखिर में विधान सभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बतौर प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह की व्यस्तता को ध्यान में रखकर यह फैसला किया गया है।
ठाकुर वर्ष 2009 के उपचुनाव में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर लोकसभा सीट से पहली बार सासंद चुने गए । वर्ष 2014 के आम चुनाव में भी वह जीत हासिल कर लोकसभा सदस्य बने।
अनुराग ठाकुर भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। लोकसभा में चर्चा के दौरान विभिन्न विषयों पर पार्टी का पक्ष रखने के लिए भी उन्हें जाना जाता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *