मजहब के नाम पर आम चुनाव लड़ना चाहती है कांग्रेसः निर्मला सीतारमण

0

नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस को ‘मुस्लिम पार्टी’ घोषित कर यह जाहिर कर दिया है कि वह 2019 का आम चुनाव मजहब के आधार पर लड़ना चाहते हैं ।
निर्मला सीतारमण ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मुस्लिम बुद्धिजीवियों के साथ हुई बैठक में राहुल गांधी ने कांग्रेस को ‘मुस्लिम पार्टी’ कहा था तथा मठ मंदिरों में जाने के लिए खेद जताया था।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की मुस्लिम तुष्टीकरण की नीति आज अपनी पराकाष्ठा पर पहुंच गई है। यह 1947 की याद दिलाता है जब मजहब के आधार पर देश का विभाजन हुआ था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक बार फिर मजहब के आधार पर देश को बांटने का खतरनाक खेल खेल रही है।
सीतारमण ने कहा कि अगर राहुल ने कांग्रेस को ‘मुस्लिम पार्टी’ बताया है तो उनका यह कथन सांप्रदायिकता फैलाने वाला है और देश के संविधान के खिलाफ है।
भाजपा नेता ने एक उर्दू अखबार की प्रति दिखाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष से सवाल पूछा कि क्या उन्होंने कांग्रेस को मुस्लिम पार्टी बताया था। उन्होंने कहा कि गांधी ने बैठक में मुस्लिम बुद्धिजीवियों से यह भी कहा था कि 2014 के चुनाव के बाद कांग्रेस पार्टी अपनी राह से भटक गई थी।
सीतारमण ने कहा कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस अगला आम चुनाव धर्म के आधार पर लड़ना चाहती है और शशि थरूर का ‘हिन्दू पाकिस्तान’ संबंधी बयान इसकी शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आज से लेकर 2019 के आम चुनाव तक अगर देश के किसी हिस्से में सांप्रदायिक तनाव की घटना होती है तो कांग्रेस इसके लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार होगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *