राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने उपराष्ट्रपति वेंकैया को दी जन्मदिन की बधाई

0

नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने रविवार को उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू को जन्मदिन की बधाई दी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्विटर पर जारी शुभकामना संदेश में कहा, “उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू जी को जन्म दिवस की हार्दिक बधाई। आप सदा स्वस्थ रहें और दीर्घ काल तक राष्ट्र की सेवा करते रहें।” उन्होंने उपराष्ट्रपति के साथ अपनी एक फोटो भी इस संदेश के साथ शेयर की है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट संदेश में कहा, “उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू को जन्मदिन की हार्दिक की बधाई। वेंकैया जी के पास सार्वजनिक सेवा का असाधारण रिकॉर्ड है। प्रशासक और संसदीय प्रक्रियाओं के विषय में ज्ञान के लिए उनका व्यापक रूप से सम्मान किया जाता है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”

 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर कहा, “उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू जी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट संदेश में कहा, माननीय उपराष्ट्रपति आदरणीय श्री एम वेंकैया नायडू जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनायें, आपकी दीर्घायु व स्वास्थ्य के लिये ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट संदेश में कहा, “सादा जीवन उच्च विचार जैसे महान आदर्शों को जीवन में आत्मसात कर के सदैव लोकहित में समर्पित रहने वाले आदरणीय उपराष्ट्रपति श्री एम वेंकैया नायडू जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपकी दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूँ।”

वेंकैया का जन्म 1 जुलाई 1949 को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में हुआ। वह कर्नाटक से तीन बार राज्यसभा सदस्य रहे। वेंकैया 2002 से 2004 तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। वर्तमान मोदी मंत्रिमंडल में वे शहरी विकास, गृह निर्माण एवं गरीबी निवारण और संसदीय मामलों के मंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री भी रहे। 5 अगस्त 2017 को वह देश के 13वें उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *