सर्जिकल स्ट्राइक: विश्वास ने केजरीवाल को बताया लंपटेश, कहा देश पहले

0

नई दिल्ली, 28 जून (हि.स.)। पाकिस्तानी आतंकियों पर सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने अपनी ही पार्टी के नेताओं को नसीहत दी है कि जिन्हें भी सेना के हमले पर शक था अब उन्हें माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री केजरीवाल का नाम न लेते हुए कुमार विश्वास ने उन्हें ‘लंपटेश’ बताया और कहा कि उनके लिए देश पहले है।

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पिछले साल सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए थे। इसकी कुमार विश्वास ने आलोचना की थी जिसके बाद आप के बड़े नेताओं ने उन पर सवाल उठाए थे। स्ट्राइक के वीडियो के सामने आने के एक दिन बाद श्री विश्वास ने ट्विटर के माध्यम से कहा, ‘‘3 में से जिस 1 मुद्दे पर देश की सेना के पक्ष में होने पर मुझे “तथाकथित राजनीतिक नुकसान” पहुंचाया गया था, आज उसी शौर्य गाथा सर्जिकल स्ट्राइक के प्रमाण चिह्न देखकर उन अखंड-पांखडियों को मुझसे नहीं तो खुद से तो माफी मांगनी ही चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जो हमारे लिए जीवन दें उनके लिए कुछ भी कुर्बान’’। अरविंद केजरीवाल पर टिप्पणी के बाद आप के नेता अमानतुल्ला खान ने कुमार विश्वास को भाजपा-आरएसएस का एजेंट बताया था। खान ने कहा था कि वह पार्टी को तोड़ना चाहते हैं। विश्वास ने कहा कि उनके लिए देश पहले है न कि पार्टी और कोई नेता।

विश्वास ने कहा, ‘‘आतंक से लड़ रही सेना के ख़िलाफ राजनीति नहीं करने दूंगा| यह सुनकर, आत्मा का सौदा कर लेने वाले 11 नवपतित गिद्धों को जमा करके बौने सरदार ने मुझसे कहा था कि “तुम मेरे व संगठन के साथ नहीं हो” तो सुनो लंपटेश, “देश के साथ था, हूं और रहूंगा| तुम जैसे रोज आएंगे, रोज जाएंगे पर देश था, है और रहेगा|’’


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *