तोगड़िया ने नए संगठन का किया गठन, नाम रखा ‘अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद’

0

नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद् (विहिप) के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद् (अहिप) नाम से अपना अलग संगठन बना लिया। उन्होंने कहा कि टीम बदली है लेकिन तेवर नहीं बदला है। संगठन राम मंदिर, गौ माता की रक्षा और कश्मीरी हिन्दुओं की घर वापसी जैसे मुद्दों पर काम करेगा। श्री तोगड़िया ने यहां एक कार्यक्रम में अपने नए संगठन की अखिल भारतीय टीम की भी घोषणा की। तोगड़िया अहिप के अध्यक्ष होंगे। उन्होंने विहिप की तर्ज पर अपने संगठन की भी मजदूर, किसान, महिला इकाई की घोषणा की। इसके अलावा राष्ट्रीय बजरंग दल जिसके अध्यक्ष ओडिशा से मनोज साहू, राष्ट्रीय छात्र परिषद्, राष्ट्रीय प्रवक्ता मधुमुकूल त्रिपाठी के नामों की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनका संगठन सांस्कृतिक, राष्ट्रीय, सामाजिक व आर्थिक क्षेत्र के अलावा राजनीतिक क्षेत्र में भी काम करेगा। तोगड़िया मंगलवार यानी 26 जून को अयोध्या जाकर रामलला का दर्शन करेंगे। साथ ही इस दौरान वो भाजपा के खिलाफ एक सभा भी करेंगे। तोगड़िया ने हिंदू हेल्प लाईन, इंडिया हेल्थ लाईन, एक मुट्ठी अनाज, हिंदू एडवोकेट्स फोरम और यूथ सोशिओ-इकनॉमिक डेवलपमेंट फोरम आदि की भी घोषणा की। प्रवीण तोगड़िया के नए संगठन की शुरुआत के इस कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने एक विशेष प्रकार की टोपी पहनी हुई थी जिसपर लिखा था ‘हिंदू ही आगे’। इस दौरान मंच पर विहिप नेता अशोक सिंघल, भारत माता, भगवान गणेश और गौ-माता की तस्वीर लगी हुई थीं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *