राज्यपाल एनएन वोहरा ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

0

जम्मू/श्रीनगर, 22 जून (हि.स.)। जम्मू कश्मीर के हालात और अमरनाथ यात्रा को लेकर राज्यपाल एनएन वोहरा ने आज (शुक्रवार को) सर्वदलीय बैठक बुलाई है। राज्यपाल शासन में यह पहली सर्वदलीय बैठक है, जो आज शाम साढ़े चार बजे बुलाई गई है। अधिकारियों के अनुसार, इस बैठक के लिए राष्ट्रीय दलों की राज्य इकाइयों के प्रमुख समेत सभी पार्टी प्रमुखों को वोहरा ने बुलाया है।

बैठक में राज्यपाल शासन लगने से उत्पन्न स्थितियों पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है। इससे पहले, बीते मंगलवार को भाजपा के समर्थन वापसी से पीडीपी-भाजपा सरकार गिर गई थी और बुधवार को राज्यपाल शासन लागू हो गया था। भाजपा ने राष्ट्रीय हित में घाटी की खराब कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए समर्थन वापस लिया था। इसलिए माना जा रहा है कि इन सारी स्थितियों पर बैठक में चर्चा होगी।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल वोहरा ने राज्य विधानसभा, जिसका कार्यकाल सामान्य परिस्थितियों में मार्च,2021 में समाप्त होना है, को भंग करने के बजाय निलंबित रखा है। पिछले 4 दशक में यहां 8वीं बार राज्यपाल शासन लगा है। जबकि राज्यपाल एनएन वोहरा के कार्यकाल के दौरान यानी 2008 से लेकर अब तक यह चौथा राज्यपाल शासन है। राज्यपाल एनएन वोहरा का कार्यकाल 25 जून को समाप्त हो रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *