येदियुरप्पा सरकार के पतन को विपक्ष ने बताया लोकसभा चुनाव का ट्रेलर

0

नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद से बी.एस.येदियुरप्पा के इस्तीफे को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजनीतिक नैतिकता का एक साहसिक उदाहरण बताया वहीं विपक्ष ने इसे भाजपा की करारी हार की संज्ञा देते हुए कहा कि वर्ष 2019 के आगामी लोकसभा चुनाव में ऐसे ही मुंह की खानी पड़ेगी। साथ ही, विपक्षी दलों ने इसे आगामी लोकसभा का ट्रेलर बताया है। बहुजन समाजवादी पार्टी नेता मायावती ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इससे सबक लेने की सीख देते हुए कहा कि भाजपा को अपनी रणनीतियों पर पुनर्विचार करके बदलना होगा। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस्तीफा देने की बात कही तो भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने जवाबी अंदाज में कहा है कि जुगाड़ से जीतना जनादेश नहीं। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कर्नाटक में 104 सीटें जीतकर भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी। प्रदेश की जनता भाजपा के साथ खड़ी है। कांग्रेस में सब कुछ नकली है। पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि ‘सदन की कार्रवाई लाइव होने से हर आम नागरिक प्रोटेम स्पीकर बना और प्रजांतत्र की रक्षा और जीत हुई। राजीव शुक्ला ने कहा कि ‘लोकतंत्र में खरीद-फरोख्त की कोई जगह नहीं और भाजपा ऐसा करने में असमर्थ हुई और येदियुरप्पा को इस्तीफा देना पड़ा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि ‘लोकतंत्र की जीत हुई। कर्नाटक को बधाई। देवगौड़ा जी, कुमारस्वामी जी और कांग्रेस और अन्य लोगों को बधाई। यह ‘क्षेत्रीय’ फ्रंट की जीत है। कपिल सिब्बल ने कहा- आखिरकार नाटक खत्म हुआ। उन्होंने कहा कि गर्वनर ने इस पूरे मामले को भाजपा के पक्ष में रखने की कोशिश की। लेकिन जीत लोकतंत्र की हुई। अभिषेक मनुसिंघवी का कहना है कि कमल कीचड़ में खिलता है, लेकिन भाजपा ने पूरी व्यवस्था को ही कीचड़ बना दिया था, तभी कमल नहीं खिल पाया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि भाजपा का कर्नाटक में लोकतंत्र तोड़ने का प्रयास पूरी तरह से विफल रहा। इससे भाजपा की सत्ता की वासना उजागर हुई है। न्यायापालिका ने लोकतंत्र की रक्षा की है। मिलिंद देवड़ा ने कहा कि सत्ता के लिए शक्ति का दुरुपयोग किया गया। हार्दिक पटेल ने पूछा कि येदियुरप्पा के बाद अब राज्यपाल का इस्तीफा कब होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *