छत्तीसगढ़: माओवादी विस्फोट में 5 जवान शहीद, 2 घायल

0

जगदलपुर, 20 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में रविवार की सुबह माओवादियों द्वारा किए गए बारूदी सुरंग विस्फोट में पांच जवान शहीद हो गए, वहीं दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है। बचेली से चोलनार मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण के काम में लगे श्रमिकों एवं अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए सीएएफ और डीएफ का संयुक्त पुलिस बल बचेली से कार्यस्थल की ओर रवाना हुआ था। तभी जंगल में घात लगाए माओवादियों ने बारूदी सुरंग विस्फोट कर दिया। जिसकी जद में आकर पांच जवानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, शेष घायल दो जवानों को अस्पताल लाया गया है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और जमीन पर दस फीट गहरा गड्ढा बन गया है। वाहन में कुल सात जवान ही सवार थे। इसके साथ ही माओवादी जवानों के हथियार भी लूटकर ले गए। बस्तर आईजी विवेकानंद सिंहा ने पांचों जवानों की शहादत की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के बाद समूचे इलाके में एलर्ट जारी कर दिया और गश्त सर्चिंग तेज कर दी गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *