बंगाल पंचायत चुनाव हिंसा पर येचुरी ने ममता पर साधा निशाना

0

नई दिल्ली/कोलकाता, 14 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा पर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के महासचिव सीताराम येचुरी ने प्रदेश की मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। येचुरी ने कहा कि हम ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के इस गुंडाराज के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे। येचुरी ने आरोप लगाया कि ये लोकतंत्र को पूरी तरह से नष्ट करने का मामला है। चुनाव आयोग राजनीतिक प्रतिनिधियों को मिलने का वक्त भी नहीं दे रहा। हम इसके खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन करेंगे। माकपा नेताओं ने पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए। उसमें पोलिंग बूथ पर गोली चलाने, आग लगाने और मतपेटियां जलाए जाने की घटनाएं दिखाई दे रही है। इसके अलावा माकपा सहित सभी वामपंथी दलों ने माकपा कार्यकर्ता देबू दास और उनकी पत्नी उषा दास को चुनावी हिंसा में जिंदा जलाए जाने का आरोप लगाया है। माकपा का कहना है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यकर्ता पति-पत्नी को पहले धमकाया, और नहीं मानने पर उन्हें जिंदा जला दिया। वामपंथी दलों ने पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव में हिंसा को लेकर राज्य चुनाव आयुक्त को लिखित शिकायत भी की है। इसके अलावा सभी वामपंथी दलों ने मिलकर विरोध धरना प्रदर्शन भी किया। पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा की वारदातें हुईं हैं। चुनावी हिंसा में करीब 7 लोगों की मारे जाने की खबर हैं, वहीं दो दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कई स्थानों पर वाहनों के जलाया गया, तो कई स्थानों पर तोड़फोड़ की घटनाएं हुई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *