दक्षिण एशियाई जूनियर एथलेटिक्स: 50 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा भारत

0

कोलंबो, 07 मई (हि.स.)। दक्षिण एशियाई जूनियर एथलचैम्पियनशिप में भारत 50 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा। दो दिनी इस प्रतियोगिता में भारत ने 20 स्वर्ण, 22 रजत और आठ कांस्य पदक जीते। मेजबान श्रीलंका 41 पदकों (12 स्वर्ण, 10 रजत और 19 कांस्य पदक ) के साथ दूसरे और पाकिस्तान दो पदकों (एक रजत और 1 कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर रहा। बांग्लादेश (दो कांस्य) के साथ चौथे स्थान और मालदीव (एक कांस्य पदक) के साथ पांचवें स्थान पर रहा। नेपाल और भूटान इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले दो अन्य देश थे। भारतीय एथलीटों ने पुरूषों की लम्बी कूद, ट्रिपल जंप, महिलाओं के ट्रिपल जंप, 100 मीटर बाधा दौड़, भाला फेंक और 1500 मीटर दौड़ स्पर्धा में नए रिकॉर्ड बनाए। भारत को पहला स्वर्ण जूनियर पुरूषों के भालाफेंक स्पर्धा में अर्शदीप सिंह ने दिलाया। अर्शदीप ने 71. 47 मीटर की दूरी के साथ टूर्नामेंट का नया रिकॉर्ड भी बनाया। स्पर्धा का रजत श्रीलंका के प्रसन्ना रानावाका और कांस्य श्रीलंका के ही अंजना फोंसेका ने जीता। महिलाओं के शाटपुट में भारत की किरण बलियान ने 14. 77 मीटर के रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। भारत की ही अनामिका दास ने रजत पदक पाया। पुरूषों की लंबी कूद, महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ और 1500 मीटर में भी भारतीयों ने रिकार्ड बनाये। लोकेश एस ने लंबी कूद में और सपना कुमारी ने 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। दुर्गा देवरे ने 1500 मीटर में स्वर्ण पदक जीता। चार गुणा 100 मीटर रिले दौड़ में भारतीय पुरूषों को स्वर्ण और महिला टीम को रजत पदक मिला।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *