अमेरिका में एक भारतीय अमेरिकी महिला बनीं जज

0

न्यूयॉर्क, 04 मई (हि.स.)। अमरीका में यहां सिविल कोर्ट में भारतीय मूल की दीपा आंबेकर (41) को अंतरिम न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। यह जानकारी शुक्रवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली। चेन्नई में जन्मी राजा राजेश्वरी के बाद दीपा न्यूयार्क में दूसरी महिला न्यायाधीश नियुक्त हुई हैं। इससे पहले साल 2015 में राजेश्वरी ने आपराधिक न्यायालय की जज के रूप में शपथ ली थी। इसके साथ ही वह शहर में जज बनने वाली पहली महिला भारतीय बन गई थी। न्यू यॉर्क सिटी के महापौर बिल दा ब्लासियो के कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि आंबेकर को सिविल कोर्ट में नियुक्त किया गया है और वह आपराधिक अदालत में अपनी सेवाएं देंगी। मेयर ने आंबेकर की सिविल कोर्ट में अंतरिम न्यायाधीश की नियुक्ति के साथ-साथ परिवार अदालत के तीन न्यायाधीशों की दोबारा नियुक्ति के बारे में भी घोषणा की। विदित हो कि अम्बेकर ने न्यूयॉर्क सिटी काउंसिल के साथ तीन साल तक सीनियर लेजिस्लेटिव अटॉर्नी और सार्वजनिक सुरक्षा समिति के वकील के रूप में कार्य किया है। उन्होंने मिशिगन विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री ली है और रूटर लॉ स्कूल से उनकी कानून की डिग्री प्राप्त की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *