जितिन प्रसाद बनाये जा सकते हैं यूपी कांग्रेस अध्यक्ष

0

नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उ.प्र. में जितिन प्रसाद को पार्टी अध्यक्ष बना सकते हैं। उ.प्र. कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष बनाये जाने के बाद राहुल गांधी ने पार्टी संगठन को अपने अनुसार गठित करना शुरू किया है । कई राज्यों के कांग्रेस अध्यक्षों को बदला है। उसी क्रम में उ.प्र. में भी नया अध्यक्ष बनाया जाना है । कांग्रेसी सूत्रों का कहना है कि उ.प्र. कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए जिन नामों पर विचार हो रहा है उनमें जितिन प्रसाद का नाम सबसे ऊपर है। आरपीएन सिंह व संजय सिंह का भी नाम है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस उ.प्र. में किसी ब्राम्हण को पार्टी अध्यक्ष बनाना चाहती है। जितिन प्रसाद ब्राम्हण हैं। वह अभी 44 वर्ष के हैं और 14वीं तथा 15 वीं लोकसभा में सांसद थे। मनमोहन सिंह की सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं। उनकी प्रारम्भिक शिक्षा दून पब्लिक स्कूल देहरादून में हुई है। उसके बाद दिल्ली के श्रीराम कालेज आफ कामर्स से बी.काम,अंतरराष्ट्रीय प्रबंधन संस्थान दिल्ली से एमबीए किये हैं। उनके पिता जितेन्द्र प्रसाद राष्ट्रीय कांग्रेस के उपाध्यक्ष,उ.प्र. कांग्रेस के अध्यक्ष थे। 54 वर्षीय रतनजीत प्रताप नारायण सिंह (आरपीएन सिंह) उ.प्र. के पड़रौना विधानसभा क्षेत्र से विधायक ,कुशीनगर संसदीय क्षेत्र से 15वीं लोकसभा में सांसद और मनमोहन सरकार में राज्य मंत्री थे। वह उ.प्र. युवा कांग्रेस के अध्यक्ष व राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव भी रह चुके हैं और इस समय झारखंड के प्रभारी हैं। जाति के कुरमी हैं। इनकी प्रारंभिक शिक्षा दून पब्लिक स्कूल ,देहरादून ,उत्तराखंड में हुई थी। राष्ट्रीय कांग्रेस के एक पदाधिकारी का कहना है कि इन दोनों (जितिन प्रसाद व आरपीएन सिंह) की ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से घनिष्ठता है। जहां तक दोनों की जनता में लोकप्रियता का सवाल है तो दोनों ही हाई-फाई नेता हैं। हां, ये दोनों अपने क्षेत्र की जनता में लोकप्रिय हैं। चूंकि हर पार्टी में जब जाति के समीकरण के आधार पर पद व टिकट दिया जा रहा है ,ऐसे में कांग्रेस आला कमान उ.प्र. के लगभग 11 प्रतिशत जनसंख्या वाले ब्राम्हणों को लुभाने के लिए किसी ब्राम्हण को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाने पर राय बात कर रहा है। प्रदेश के युवा ब्राह्मण कांग्रेसियों में अच्छे स्कूल , अच्छे कालेज से उच्च शिक्षा प्राप्त, सरकार-संगठन में जो अनुभवी चेहरे हैं , उनमें कई मायने में जितिन प्रसाद बीस पड़ रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इसलिए इनका नाम उ.प्र. कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए लगभग तय हो गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *