पीएम मोदी ने ओली को दिया नेपाल के विकास में मदद का भरोसा

0

नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अपने नेपाली समकक्ष के.पी. शर्मा ओली को नेपाल के विकास में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नेपाल के विकास में भारत के योगदान का लंबा इतिहास रहा है। मैंने पीएम ओली को आश्वासन दिया है कि यह भविष्य में जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हम नेपाल के साथ मिलकर रेल और जलमार्ग का विकास करना चाहते हैं। हमने नेपाल के साथ जलमार्गों और रेलवे में सुधार लाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि आज हमने ऐसी विभिन्न कनेक्टिविटी परियोजनाओं में प्रगति की समीक्षा की है। उन्होंने कहा कि काठमांडू से नई दिल्ली तक नई रेलवे लाइन विकसित की जाएगी। मोदी ने कहा कि वह खुली सीमाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने कहा कि नेपाल भारत के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है। हमारे देश के लोग पुराने संबंधों का आनंद लेते हैं और एक-दूसरे के लिए कई चीजें पेश करते हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने कहा कि वह दोनों देशों के बीच सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए भारत आये हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल के भारत के साथ ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण भी दिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *