मुख्यमंत्री योगी के सभी कार्यक्रम व दौरे रद्द

0

लखनऊ, 15 मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर व फूलपुर उपचुनाव में हार के बाद गुरुवार को पहले से तय सारे कार्यक्रम व दौरे रद्द करने की खबर है। आज उन्हें एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गोण्डा जाना था, जिसे निरस्त कर दिया गया है। सूत्रों की मानें गोण्डा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी की जगह उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा जायेंगे। वे सारे कार्यक्रम और दौरों को रद्द कर अधिकारियों के साथ जनता से जुड़ी हुई जनकल्याणी योजनाओं की समीक्षा करेंगे। यह बैठक जनता से जुड़ी समस्याओं को लेकर है। पुष्ट सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री योगी ने मुख्य सचिव राजीव कुमार समेत सभी प्रमुख अधिकारियों को बैठक में रहने को निर्देश दिया है। सूत्रों की मानें तो इस बैठक में जनता के बीच फिर से भरोसा पैदा करने के लिए मुख्यमंत्री योगी अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दे सकते हैं। अब जन समस्याओं को प्रमुखता में दूर कर उनमें भाजपा के प्रति विश्वास बनाना चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के गढ़ फूलपुर में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। गोरखपुर संसदीय सीट पर 28 साल बाद गोरक्षपीठ का दबदबा खत्म हुआ है। जबकि 2014 में केशव मौर्य की जीत के साथ आजादी के बाद पहली बार फूलपुर में खिला कमल भी चार साल में ही मुरझा गया। मुख्यमंत्री योगी बुधवार को दोनों सीटों पर हार के बाद कहा था कि ये चुनाव परिणाम हमारे लिए एक सबक हैं। हम इसकी समीक्षा करेंगे। जो नतीजे आए हैं हम उनका सम्मान करते हैं और विजयी प्रत्याशियों को बधाई दिया था। उस दौरान वे सपा-बसपा गठबंधन को राजनीतिक सौदेबाजी करार देते हुए कहा था कि हम इस गठबंधन को नहीं समझ सके। हमें इसके लिए एक रणनीति बनानी होगी। उन्होंने अतिआत्मविश्वास को भी हार का एक कारण बताया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *