पाकिस्तान : कराची में गैस लीक होने के कारण छह लोगों की मौत
इस्लामाबाद, 17 फरवरी (हि.स.)। कराची में केमारी इलाके में रविवार देर रात गैस लीक होने के कारण छह लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जिन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। जबकि घटना के कारण का अभी तक पता नहीं लगा है।
सूत्रो का कहना है कि केमारी जेट्टी में एक मालवाहक कार्गो जहाज से केमिकल उतारने के दौरान गैस का रिसाव हुआ। मरनेवालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
कराची पोर्ट ट्रस्ट ने सोमवार को प्रांरभिक जांच के तौर पर कहा है कि केमारी से कार्गो शिप से ले जाई जाने वाली रसायनिक सामग्री की निगरानी करने के लिए प्रशासन के पास कड़े सुरक्षा इंतजाम है। गैस के रिसाव से होने वाली मौते केमारी के उतत्रपी इलाके की हैं पोर्ट और उसके पास के इलाके की नहीं।
इस बीच करांची पोर्ट ट्रस्ट ने कहा कि गैस के रिसाव को केमिकल के उतारने से जोड़ना सही नहीं है। इस रिसाव से प्रभावित लोगों के लिए पोर्ट जो कर सकता है वह कर रहा है।
प्रभावित इलाके में मदद के लिए पाकिस्तान की नौसेना को भी भेजा गया है।
समुद्री मामलों के मंत्री अली जैदी ने इस घटना पर दुख जताया है। साथ ही पोर्ट प्रशासन को जांच करने के आदेश दिए हैं। अस्पताल के बाहर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने भर्ती कराए गए लोगों को तत्काल मदद कराने को कहा है। भर्ती किए गए लोगों में ज्यादातर अस्थमा के मरीज हैं।