ऑस्कर 2026 के रेड कार्पेट पर छाए प्रियंका-निक, रोमांस और ग्लैमर ने खींचा सबका ध्यान

0
spot

हॉलीवुड के सबसे बड़े समारोहों में से एक ऑस्कर 2026  में इस बार रेड कार्पेट पर एक खास जोड़ी ने सबका ध्यान खींचा।प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास जैसे ही साथ पहुंचे, कैमरों की फ्लैश लगातार चमकने लगी। दोनों ने अपने स्टाइल, आत्मविश्वास और रोमांटिक केमिस्ट्री से समारोह को और खास बना दिया।

रेड कार्पेट पर कदम रखते ही प्रियंका और निक ने हाथों में हाथ डालकर एंट्री की। फोटोग्राफर लगातार उनकी तस्वीरें लेने लगे। वहीं फैंस भी इस जोड़ी की झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। दोनों के बीच की नजदीकियां और सहज अंदाज ने माहौल को रोमांटिक बना दिया।

इस खास मौके पर प्रियंका ने फैशन हाउस Dior की शानदार सफेद गाउन पहनी। स्ट्रैपलेस डिजाइन वाले इस गाउन में हाई-लेग स्लिट और काले-सफेद रफल्स की लंबी ट्रेल दिखाई दी। यह ड्रेस क्लासिक और मॉडर्न स्टाइल का बेहतरीन मिश्रण लगी। प्रियंका ने इसके साथ काले रंग की हील्स पहनीं। साथ ही चमकदार डायमंड नेकलेस और डायमंड स्टड ईयररिंग्स ने उनके लुक को और शानदार बना दिया।

दूसरी ओर निक जोनस क्लासिक ब्लैक टक्सीडो में नजर आए। उन्होंने सफेद शर्ट और ब्लैक बो टाई के साथ अपना लुक पूरा किया। रेड कार्पेट पर चलते हुए निक कई बार प्रियंका की ओर प्यार भरी नजरों से देखते दिखाई दिए। फोटो सेशन के दौरान उन्होंने प्रियंका की कमर पर हाथ रखा और मुस्कुराते हुए पोज दिए।

हालांकि इस साल प्रियंका और निक किसी पुरस्कार के लिए नामांकित नहीं हैं। फिर भी प्रियंका इस समारोह में खास भूमिका निभा रही हैं। वह समारोह में प्रस्तोता के रूप में मंच पर नजर आएंगी।

यह पल प्रियंका के लिए खास भी है। दरअसल उन्होंने पहली बार अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर 2016) में प्रस्तोता के रूप में हिस्सा लिया था। इसके ठीक दस साल बाद वह फिर उसी मंच पर लौट रही हैं। इसके अलावा प्रियंका और निक ने अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर 2021) के लिए नामांकन की घोषणा भी साथ में की थी।

समारोह से पहले प्रियंका ने अपने फैंस को तैयारियों की झलक भी दिखाई। उन्होंने सोशल मीडिया पर ड्रेसिंग रूम का एक छोटा वीडियो साझा किया। इस वीडियो में स्टाइलिस्ट उनके गाउन में आखिरी बदलाव करते नजर आए। साथ ही गाउन पर लगा एक खास पर्सनल टैग भी दिखाई दिया।

दिलचस्प बात यह है कि प्रियंका ने ऑस्कर के लिए तीसरी बार सफेद रंग का गाउन चुना। उन्होंने पहले भी 2016 के ऑस्कर समारोह में सफेद ड्रेस पहनी थी। वहीं अकादमी पुरस्कार ऑस्कर 2017 में उन्होंने सफेद और गोल्ड शेड का गाउन पहना था।

काम की बात करें तो प्रियंका हाल ही में फिल्म द ब्लफ़ में नजर आई थीं, जोअमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई। अब वह जल्द ही निर्देशक एस. एस. राजमौली की फिल्म वाराणसी में दिखाई देंगी। इस फिल्म में उनके साथ पृथ्वीराज सुकुमारन और महेश बाबू भी नजर आएंगे।

ग्लैमर, स्टाइल और रोमांस से भरे इस रेड कार्पेट पल ने एक बार फिर साबित किया कि प्रियंका और निक जहां भी साथ आते हैं, वहां सुर्खियां अपने आप बन जाती हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *