‘टू मच’ में फराह खान ने खोला दिल, कहा—अनन्या पांडे जैसी बेटी चाहिए थी
मुंबई – फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान और एक्ट्रेस अनन्या पांडे जल्द ही काजोल और ट्विंकल खन्ना के टॉक शो ‘टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल’ में नजर आएंगी। इस एपिसोड का एक प्रोमो इंटरनेट पर लीक हुआ, जिसमें दोनों ने मेंटल हेल्थ और निजी जिंदगी से जुड़े खुलासे किए।
वीडियो में फराह मुस्कुराते हुए अनन्या की ओर इशारा करती हैं और कहती हैं, “वो मेरी बेटी हो सकती थी, क्योंकि मुझे चंकी पांडे पर बड़ा क्रश था।” इस पर सेट पर हंसी गूंज उठती है। बातचीत के दौरान अनन्या बताती हैं कि एक वक्त ऐसा था जब उन्हें अपने काम पर पूरा भरोसा था, फिर भी एक दिन वे सेट से रोते हुए चली गईं।
फराह ने तुरंत जवाब दिया, “जिस हीरोइन को मैं रुलाती हूं, वो बाद में बड़ी स्टार बनती है।” इस पर दोनों जोर से हंस पड़ती हैं।
बातचीत यहीं नहीं रुकी। दोनों ने मेंटल हेल्थ पर भी अपनी राय रखी। अनन्या ने कहा, “हम पहली पीढ़ी हैं जो मानसिक स्वास्थ्य को खुलकर अपना रही है।” फराह ने थोड़ा अलग नजरिया रखते हुए कहा, “अब जब किसी चीज़ से निकलना होता है, तो हर कोई उसे मेंटल हेल्थ कह देता है।”
शो के दौरान दोनों ने फराह की कोरियोग्राफी वाले गाने ‘इट्स द टाइम टू डिस्को’ (कल हो ना हो) का हुक स्टेप भी किया। प्रोमो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इस बातचीत को लेकर खूब चर्चा हुई।
फराह के बयान ने दर्शकों को बांट दिया। कई यूज़र्स ने उन्हें असंवेदनशील बताया, जबकि कुछ ने उनका बचाव किया। एक यूज़र ने लिखा, “फराह का कमेंट थोड़ा कठोर था।” दूसरे ने कहा, “शो तो गिफ्ट है, लेकिन इस बार गलत दिशा में जा रहा है।” वहीं, कुछ लोगों ने फराह का समर्थन किया। एक कमेंट में लिखा गया, “वो गलत नहीं हैं, कई बार लोग वाकई मेंटल हेल्थ को बहाने की तरह इस्तेमाल करते हैं।” दूसरे ने जोड़ा, “फराह को इंडस्ट्री का असली चेहरा पता है, इसलिए वो जो बोलती हैं, सच्चाई पर आधारित होता है।”
इससे पहले शो में सलमान खान और आमिर खान गेस्ट बन चुके हैं। शो ने सितंबर में शुरुआत की थी। हाल ही में करण जौहर और जाह्नवी कपूर वाले एपिसोड में होस्ट्स को फिजिकल इंफिडेलिटी पर की गई टिप्पणी के कारण आलोचना झेलनी पड़ी थी। इसके बाद सोनाक्षी सिन्हा और डिजाइनर मनीष मल्होत्रा शो में दिखे।
अब फराह और अनन्या वाला एपिसोड 6 नवंबर को प्राइम वीडियो पर प्रसारित होगा। शो के प्रमोशन के बाद से दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। ट्रेलर के संवादों से साफ है कि इस बार हंसी के साथ बहस और बेबाक राय का भी तड़का देखने को मिलेगा।
