ज़ोहरान ममदानी की 9/11 टिप्पणी पर मचा विवाद, JD वेंस ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

0
jd

न्यूयॉर्क: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस और डेमोक्रेटिक नेता ज़ोहरन ममदानी के बीच बयानबाज़ी ने न्यूयॉर्क मेयर चुनाव को गरमा दिया है। विवाद तब शुरू हुआ जब ममदानी ने 9/11 हमलों के बाद इस्लामोफोबिया पर अपनी चाची के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उनकी चाची ने हिजाब पहनने के कारण खुद को असुरक्षित महसूस किया और सबवे में सफर करना बंद कर दिया।

वेंस ने ममदानी के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि “उनके मुताबिक 9/11 की असली पीड़िता उनकी चाची थीं जिन्हें कुछ बुरी नज़रें मिलीं।” वेंस के इस बयान ने अमेरिकी राजनीति में तीखी बहस छेड़ दी।

ममदानी, जो न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद के डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हैं, ने ब्रॉन्क्स की एक मस्जिद के बाहर मुस्लिम नेताओं के बीच यह बात कही थी। उन्होंने कहा, “मेरी चाची की याद मुझे बताती है कि इस शहर में मुस्लिमों को कितनी बार अपनी पहचान छिपानी पड़ती है।” ममदानी ने यह भी बताया कि जब उन्होंने राजनीति में कदम रखा, तब उन्हें अपनी धार्मिक पहचान छिपाने की सलाह दी गई थी।

उन्होंने कहा, “इन दिनों, एंड्रयू कुओमो, कर्टिस स्लिवा और एरिक एडम्स के अभियान भाषण इन्हीं सच्चाइयों को दोहरा रहे हैं।”
स्लिवा रिपब्लिकन उम्मीदवार हैं, कुओमो स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि मौजूदा मेयर एडम्स ने इस बार चुनाव न लड़ने का फैसला किया है।

चुनावी रैलियों के दौरान तीनों नेताओं ने ममदानी पर कट्टरपंथी होने के आरोप लगाए। डेमोक्रेट्स का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों में ये हमले इस्लामोफोबिक रुख ले चुके हैं।

कुओमो हाल ही में एक कंज़र्वेटिव रेडियो शो में गए, जहां एंकर ने मज़ाक में कहा कि “ममदानी शायद अगले 9/11 पर खुश होंगे।” कुओमो ने उस वक्त हंसी में प्रतिक्रिया दी, हालांकि बाद में उनके प्रवक्ता ने कहा कि वे एंकर की बात से सहमत नहीं थे।

मेयर एडम्स ने एक सभा में कहा, “न्यूयॉर्क यूरोप नहीं बन सकता। लोग देख रहे हैं कि अन्य देशों में इस्लामिक कट्टरवाद ने क्या हाल किया है।” वहीं स्लिवा ने ममदानी को “ग्लोबल जिहाद समर्थक” तक कह दिया।

ममदानी ने जवाब दिया, “हर मुस्लिम का सपना है कि उसे एक सामान्य न्यूयॉर्क नागरिक की तरह सम्मान मिले। लेकिन हमें हमेशा कहा गया कि कम में संतुष्ट रहो। अब नहीं।”

उन्होंने माना कि चुनाव की शुरुआत में उन्होंने अपनी मुस्लिम पहचान को सामने रखने से परहेज किया था। “मैं सोचता था कि अगर मैं संयम रखूं और नस्लीय हमलों का जवाब न दूं तो लोग मुझे सिर्फ मेरे धर्म से नहीं, मेरे काम से पहचानेंगे। लेकिन मैं गलत था,” उन्होंने कहा।

ममदानी ने आगे कहा, “अब मैं अपनी पहचान नहीं छिपाऊंगा। मैं वही रहूंगा जो हूं। अब मैं खुद को छाया में नहीं, उजाले में ढूंढूंगा।”

वेंस के व्यंग्यात्मक जवाब ने बहस को और भड़का दिया है। विश्लेषक कहते हैं कि यह विवाद अब न्यूयॉर्क चुनाव के एजेंडे को धर्म और पहचान की राजनीति की ओर मोड़ रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News