मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया शिव महापुराण कथा का श्रवण,शिवलिंग पर किया जलाभिषेक
दुर्ग, 05 अगस्त l छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दुर्ग जिले के अल्प प्रवास पर रहे, जहां उन्होंने भिलाई स्थित जयंती स्टेडियम में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के समापन अवसर पर भाग लिया। इस सात दिवसीय आध्यात्मिक कथा का आयोजन 30 जुलाई से 5 अगस्त तक किया गया था, जिसका आज भव्य समापन हुआ।।
मुख्यमंत्री ने शिव जी की विशेष पूजा-अर्चना करते हुए कथा का श्रवण किया और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।उन्होंने इस अवसर पर कहा कि सावन का पावन महीना चल रहा है और इस माह में शिव कथा का आयोजन होना अत्यंत पुण्यदायी है। उन्होंने समस्त छत्तीसगढ़वासियों को सावन की शुभकामनाएं दीं। इस कथा का वाचन देश के प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा किया गया, जिनकी अमृतमयी वाणी से हजारों की संख्या में मौजूद श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर हुए।मुख्यमंत्री ने पंडित प्रदीप मिश्रा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे देश-विदेश में जाकर सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और लोगों को शिव भक्ति से जोड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस भव्य आयोजन के लिए आयोजकों और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सहभागिता इस आयोजन को अद्भुत और अनुकरणीय बनाती है।
