हिमाचल में 25 से 28 फरवरी तक भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी

0
hima

शिमला, 22 फरवरी। हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब बना हुआ है। राज्य की पर्वत श्रंखलाओं पर शनिवार को हल्की बर्फबारी जारी है, जबकि शिमला और मनाली जैसे प्रसिद्ध हिल स्टेशनों में बादल छाए हुए हैं। मैदानी इलाकों में भी बादल और धूप के बीच आंख-मिचौली जारी है। बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेशभर में ठंड ने फिर से जोर पकड़ लिया है। जनजातीय और उच्च पर्वतीय इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार माइनस में बना हुआ है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। हालांकि 25 फरवरी से प्रदेश में फिर से मौसम करवट लेगा और बारिश व बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से 25 से 28 फरवरी के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।

महाशिवरात्रि पर भी बिगड़ेगा मौसम का मिजाज

महाशिवरात्रि का पर्व 26 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन राज्य के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। लेकिन मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 फरवरी को भी कई स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासतौर पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते यातायात प्रभावित हो सकता है।

येलो अलर्ट जारी, अंधड़ और भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने 25 फरवरी को राज्य के कई हिस्सों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 26, 27 और 28 फरवरी को भी कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है। खासकर लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा और शिमला जिले के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी का असर देखने को मिल सकता है। राज्य सरकार और प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

बर्फबारी से 200 से अधिक सड़कें अभी भी बंद

प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी के कारण कई सड़कें अब भी बंद पड़ी हैं। जानकारी अनुसार करीब 200 संपर्क मार्गों पर यातायात पूरी तरह से ठप है। चंबा जिले में करीब 100 सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और शिमला के ऊंचाई वाले इलाकों में भी कई सड़कें बंद हैं।

चार स्थानों पर पारा शून्य से नीचे

राज्य में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। लाहौल-स्पीति के ताबो में सबसे कम न्यूनतम तापमान -9.6 डिग्री दर्ज किया गया है। कूकुमसेरी में -8.2 डिग्री, केलंग में -8.5 डिग्री और किन्नौर के कल्पा में -1.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। अन्य प्रमुख स्थानों में सराहन में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री, मनाली में 1.6 डिग्री, भरमौर में 2.4 डिग्री, सियोबाग में 3.5 डिग्री, सोलन व भुंतर में 4.6 डिग्री और शिमला में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच प्रशासन ने आगामी खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से पर्वतीय और जनजातीय इलाकों में रहने वाले लोगों को बर्फबारी और अंधड़ से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *