हिमाचल प्रदेश में 15 फ़रवरी से बर्फबारी के आसार, शिमला की रातें मैदानों से गर्म
![bharat](https://khabarworld.com/wp-content/uploads/2025/02/bharat-1-1024x576.jpg)
शिमला, 10 फ़रवरी। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है तथा पारे में उछाल आने से भीषण सर्दी का असर कम हुआ है। अधिकतर इलाकों में खिली धूप ने ठंड से जूझ रहे लोगों को राहत दी है। राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया है। हालांकि आगामी दिनों में फिर से मौसम करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज और कल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, सिरमौर, चंबा और शिमला जिले के ऊँचाई वाले क्षेत्रों में मौसम बिगड़ सकता है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। वहीं 12, 13 और 14 फरवरी को प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा। लेकिन 15 और 16 फरवरी को फिर से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
हालांकि राज्य के ऊँचाई वाले और जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड का प्रकोप अब भी बना हुआ है। राज्य के तीन स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। सबसे ठंडा क्षेत्र लाहौल-स्पीति का ताबो रहा जहां न्यूनतम तापमान -5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी जिले के केलंग में न्यूनतम तापमान -4 डिग्री और कूकुमसेरी में -3.1 डिग्री रहा। किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री दर्ज किया गया।
राजधानी शिमला में भी मौसम साफ रहने से सर्दी में कमी आई है। यहां की रातें प्रदेश के मैदानी इलाकों की तुलना में ज्यादा गर्म रही हैं। शिमला का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश के मैदानी इलाकों में इससे कम तापमान रहा।
सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, ऊना में 3.6 डिग्री, सोलन में 5.2 डिग्री, मंडी में 7.6 डिग्री और बिलासपुर में 6.7 डिग्री रहा। इसके अलावा पर्यटन नगरी मनाली में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री और धर्मशाला में 5.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग शिमला के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले 24 घण्टों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है। लेकिन आज व कल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम करवट ले सकता है। इसके बाद ऊँचाई वाले इलाकों में 15 और 16 फरवरी को दोबारा बारिश और बर्फबारी हो सकती है।