केजरीवाल ने हरियाणा की मिट्टी को अपमानित किया : नायब सैनी
![saini](https://khabarworld.com/wp-content/uploads/2025/02/saini-1024x769.webp)
चंडीगढ़, 8 फरवरी। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सत्ता में वापसी के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिल्ली वासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केजरीवाल ने हरियाणा की मिट्टी को अपमानित करने का काम किया, वो जब हरियाणा के नहीं हुए तो दिल्ली के कैसे होते।
आज के ऐतिहासिक दिन दिल्ली की महान जनता का अभिनंदन, जिसने भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया तथा दिल्ली में कमल खिला कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, सामाजिक कल्याण की गारंटियों पर पक्की मुहर लगा दी। भाजपा दिल्ली को उसका गौरव और सम्मान वापस दिलाएगी। सभी कर्मठ और जुझारू कार्यकर्ताओं ने जिस निष्ठा और समर्पण भाव से इस विजय के लिए काम किया, उसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
दिल्ली में हरियाणा भाजपा की तरफ से संयोजक की भूमिका निभाने वाले कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि हमें पहले ही मालूम था कि हम चुनाव जीतेंगे। यह जादुई आंकड़ा भाजपा आसानी से हासिल करेगी। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व उपमुख्यमंत्री अपनी ही सीट बचा नहीं पाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। बेदी ने कहा कि हम दिल्ली की जनता से किए गए सभी वादों तथा घोषणापत्र को लागू करेंगे। महिलाओं को सम्मान राशि भी जल्द दी जाएगी। सरकार गठन के बाद मंत्रिमंडल की पहली बैठक में कई फैसलों को लागू करेंगे।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि दिल्ली की जीत पर सम्मानित जनता जनार्दन ने अपने जनादेश से प्रदेश से वादाखिलाफी करने वालों को ऐसा सबक सिखाया है, जो देशभर में जनता के साथ झूठे वादे करने वालों के लिए नजीर बनेगी। इस प्रचंड जनादेश के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार। दिल्ली में मिली इस शानदार जीत के लिए कर्मठ और निष्ठावान भाजपा दिल्ली के सभी कार्यकर्ता, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को हार्दिक बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा अपने सभी वादे को पूरे कर दिल्ली के स्वर्णिम अध्याय की एक नई शुरुआत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
दिल्ली चुनाव में भाजपा के संयोजक रहे कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि ये भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की जीत हुई है। मैं सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देना चाहता हूं जिन्होंने दिन-रात मेहनत की। दिल्ली में केजरीवाल के झूठ का अंत हुआ है। केजरीवाल ने सिर्फ दिल्ली की जनता को गुमराह किया है। दिल्ली में मुख्यमंत्री बनने को लेकर पंवार ने कहा कि भाजपा संगठनात्मक पार्टी है। विधायक दल की बैठक में जो विधायक दल का नेता चुना जाएगा वहीं मुख्यमंत्री बनेगा।