ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में सीमित कारोबार

0
stocks

नई दिल्ली, 29 जनवरी। ग्लोबल मार्केट से आज मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ कारोबार करके बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी फिलहाल बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एशियाई बाजारों में आज सीमित कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व आज ब्याज दरों पर फैसला लेने वाला है। फेडरल रिजर्व के फैसले के पहले अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांक मजबूती के साथ बंद हुए। एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.88 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,065.20 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 377.28 अंक यानी 1.95 प्रतिशत उछल कर 19,719.11 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज फिलहाल 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 44,892.40 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ कारोबार करने के बाद आखिरी वक्त में हुई बिकवाली के कारण मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.35 प्रतिशत की मजबूती के साथ 8,533.87 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह डीएएक्स इंडेक्स ने 148.40 अंक यानी 0.69 प्रतिशत उछल कर 21,430.58 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। दूसरी ओर, सीएसी इंडेक्स 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,897.37 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों में आज सीमित कारोबार हो रहा है एशिया के 9 बाजारों में से 3 के सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। वहीं सिंगापुर, हॉन्ग कॉन्ग, ताइवान, कोरिया, इंडोनेशिया और चीन के स्टॉक एक्सचेंज के बंद होने के कारण आज स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स, हैंग सेंग इंडेक्स, ताइवान वेटेड इंडेक्स, कोस्पी इंडेक्स, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में कोई हलचल नहीं है।

आज जिन 3 स्टॉक एक्सचेंज में कारोबार हो रहा है, उनमें गिफ्ट निफ्टी 0.32 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,046.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह निक्केई इंडेक्स 315.71 अंक यानी 0.81 प्रतिशत की बढ़त के साथ 39,332.58 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,346.45 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News