उत्तराखंड में इसी महीने लागू होगा UCC – पुष्कर सिंह धामी

0
उत्तराखंड में इसी महीने लागू होगा UCC - धामी

बरेली : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) इसी महीने से लागू किया जाएगा। उन्होंने इसे प्रदेश के विकास और सांस्कृतिक एकता के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण की शुरुआत हो चुकी है और उत्तराखंड इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में पौराणिक मंदिरों का सुंदरीकरण तीव्र गति से जारी है और मां पूर्णागिरी के भक्तों के लिए विशेष शारदा कॉरिडोर बनाया जा रहा है।

महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में महिलाओं की जीवटता अद्भुत है। राज्य सरकार ने 1 लाख महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाकर आत्मनिर्भर बनाया है। इसके अलावा, महिलाओं को और सशक्त बनाने के लिए कई नई योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

कानून व्यवस्था पर सख्ती

सीएम धामी ने राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी और दंगा रोधी कानून बनाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि लैंड जिहाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7,000 एकड़ जमीन माफियाओं से मुक्त कराई गई है। नकल विरोधी कानून को भी उन्होंने पूरे देश के लिए मॉडल बताया और कहा कि 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है।

फिल्म और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होगा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देगा। सीएम धामी ने खुद को जनता का “मुख्य सेवक” बताते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य को विकास के हर क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News