हरियाणा : नायब सैनी ने सरकार बनाने का दावा पेश किया , गुरुवार को शपथ ग्रहण

0
नायब सैनी

चंडीगढ़ :  हरियाणा भाजपा विधायक दल के नेता नायब सैनी ने बुधवार की दोपहर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात करके सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद राज्यपाल ने नायब सैनी को हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण का निमंत्रण दे दिया है।

गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नायब सैनी ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात करके हरियाणा में सरकार बनाने का दावा पेश किया। सैनी ने भाजपा के 48 विधायकों तथा तीन निर्दलीय विधायकों के हस्ताक्षरों वाला समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा।

इसके बाद राज्यपाल ने नायब सैनी के दावे को स्वीकार करते हुए गुरुवार को उन्हें शपथ ग्रहण करने का निमंत्रण दिया। अब राज्यपाल को उन विधायकों के नाम की सूची भेजी जाएगी, जिन्हें कैबिनेट तथा राज्य मंत्री बनाया जाना है।

इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में आज ही नायब सैनी को विधायक दल का नेता चुना गया।  भाजपा विधायक दल की बैठक में नरवाना से विधायक कृष्ण बेदी और अंबाला छावनी से विधायक अनिल विज ने नायब सैनी को विधायक दल का नेता चुनने का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने स्वीकार करते हुए पारित कर दिया। अमित शाह ने नायब सैनी को विधायक दल का नेता चुने जाने का औपचारिक ऐलान किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *