संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक मथुरा के परखम में

0
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ

लखनऊ : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ‘अखिल भारतीय कार्यकारी मण्डल’ बैठक पश्चिम उत्तर प्रदेश के ब्रज प्रांत में मथुरा के पास परखम ग्राम में आगामी 25 एवं 26 अक्तूबर 2024 को होगी। रा. स्व. संघ के अ.भा. प्रचार प्रमुख सुनील आम्बेकर ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले तथा सभी सह सरकार्यवाह एवं अन्य अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुखों सहित कार्यकारिणी के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि रा.स्व.संघ में अखिल भारतीय कार्यकारी मण्डल सर्वोच्च नीति निर्धारक संरचना है। इसमें संघ रचना के सभी 46 प्रांतों के प्रांत एवं सह संघचालक, प्रांत कार्यवाह तथा प्रांत प्रचारक आमंत्रित किए जाते हैं। यह बैठक प्रतिवर्ष इन्हीं दिनों में दीपावली के पूर्व संपन्न होती है।

संघ के अ. भा. प्रचार प्रमुख ने कहा कि कार्यकारी मण्डल की बैठक में विजयादशमी के पावन पर्व पर सरसंघचालक द्वारा प्रस्तुत विचारों तथा उनके उद्बोधन में उल्लेखित महत्वपूर्ण मुद्दों के अनुवर्तन हेतु योजनाओं तथा देश में वर्तमान समय चल रहे समसामयिक विषयों पर बैठक में व्यापक चर्चा होगी। इसी मार्च 2024 में हुई अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में निर्धारित वार्षिक योजना की समीक्षा तथा संघ कार्य के विस्तार का वृत्तांत भी लिया जाएगा। बैठक में विशेष कर संघ शताब्दी निमित्त सुनिश्चित संगठनात्मक लक्ष्यों को विजयादशमी 2025 तक पूर्ण करने के संबंध में विचार-विमर्श होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *