सीडब्ल्यूआई ने क्लाइव लॉयड को नाइटहुड सम्मान मिलने पर दी बधाई

0

सेंट जॉन्स, 13 जनवरी (हि.स.)। क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने वेस्टइंडीज के दिग्गज सर क्लाइव लॉयड को नाइटहुड सम्मान मिलने पर बधाई दी है। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान को क्रिकेट के खेल में उनकी सेवाओं के लिए यह सम्मान मिला।
सीडब्ल्यूआई के अध्यक्ष रिकी स्केरिट ने एक बयान में कहा, “सीडब्ल्यूआई और वेस्टइंडीज क्रिकेट में शामिल सभी लोगों की ओर से, मैं इस जबरदस्त सम्मान पर सर क्लाइव को हार्दिक बधाई देना चाहता हूं। सर क्लाइव क्रिकेट इतिहास में विश्व कप उठाने वाले पहले व्यक्ति के रूप में एक विशेष स्थान रखते हैं। लॉर्ड्स में वह जीत वेस्टइंडीज क्रिकेट में एक बेहद महत्वपूर्ण क्षण था जब हमने प्रदर्शित किया कि हम सर क्लाइव के नेतृत्व की एकीकृत शैली के साथ दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम हैं।”
उन्होंने कहा, “सर क्लाइव ने वेस्टइंडीज और विश्व स्तर पर खेल के विकास में बड़ा योगदान दिया है, और हर जगह क्रिकेट प्रशंसकों को इस सबसे उपयुक्त प्रशंसा का स्वागत करना चाहिए।”
क्लाइव लॉयड ने 1975 में उद्घाटन क्रिकेट विश्व कप टूर्नामेंट के फाइनल में वेस्टइंडीज को लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया पर जीत दिलाई थी।
चार साल बाद उन्होंने वेस्टइंडीज को फिर से विश्व खिताब दिलाया जब उन्होंने इंग्लैंड को फिर से लार्ड्स पर ही हराया। उन्होंने 110 टेस्ट और 87 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और अब तक के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उनकी कप्तानी के दौरान, टीम दुनिया में सबसे सफल रही और उसने बिना हार के 27 टेस्ट मैच खेले – जिसमें लगातार 11 जीत शामिल थी। वह वेस्टइंडीज टीम के पूर्व मैनेजर और चयनकर्ता और आईसीसी मैच रेफरी भी थे। 2009 में उन्हें आईसीसी क्रिकेट हॉल ऑफ फ़ेम में शामिल किया गया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *