भाजपा विधायक अवतार भड़ाना रालोद में शामिल, जेवर से लड़ेंगे चुनाव

0

फरीदाबाद, 12 जनवरी (हि.स.)। मीरपुर (उत्तर प्रदेश) से भाजपा विधायक अवतार सिंह भड़ाना बुधवार को राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हो गए। वह दिल्ली से सटे गौतमबुद्धनगर जिले की जाट और गुर्जर बाहुल्य जेवर सीट से रालोद के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ेगे। भड़ाना चार बार सांसद रह चुके हैं।

फरीदाबाद में रहने वाले भड़ाना ने सुबह दिल्ली में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात की। उत्तर प्रदेश में स्वामी प्रसाद मौर्य के भाजपा छोड़ने के अगले दिन भाजपा को बड़ा झटका लगा है। आठवीं पास अवतार सिंह भड़ाना 64 साल के हैं। उनका राजनीतिक सफर लंबा है। कांग्रेस के टिकट वह फरीदाबाद से तीन बार और मेरठ से एक बार लोकसभा सदस्य रहे चुके हैं।

साल 2017 में भाजपा से मुजफ्फरनगर की मीरपुर सीट से उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ा। मीरपुर में वह बहुत कम वोटों के अंतर से चुनाव जीत सके। 2019 में उन्होंने फरीदाबाद से कांग्रेस के सिंबल पर लोकसभा चुनाव लड़ा और हार गए। वेस्ट यूपी की 15 सीटों में गुर्जरों का वोट बैंक मजबूत है। 2017 से ही वह प्रदेश सरकार में मंत्री बनने की दौड़ में थे। वेस्ट यूपी से किसी भी गुर्जर नेता को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करने से वह नाराज थे।

सम्राट मिहिर भोज के नाम पर गौतमबुद्धनगर में हुए विवाद के बाद गुर्जर भाजपा से कुछ नाराज हैं। जेवर में पहले बसपा का दबदबा रहा है। 2017 के चुनाव में भाजपा के धीरेंद्र सिंह ने पूर्व मंत्री वेदराम भाटी को हराया था। सपा और रालोद के गठबंधन के बाद जेवर रालोद के खाते में जा रही है। 22 सितंबर 2021 को दादरी में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण हुआ था। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए थे। मुख्यमंत्री के आने से पहले मिहिर भोज के नाम के आगे से गुर्जर हटा दिया गया था। इसके बाद गुर्जर भड़क गए। अगले दिन चिटहेरा गांव में 25 हजार से अधिक गुर्जरों की पंचायत हुई। इसमें अवतार सिंह भड़ाना भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। भाजपा विधायक भड़ाना ने अपने ही मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोला।भड़ाना 1988 में हरियाणा में देवीलाल की सरकार में शहरी स्थानीय निकाय राज्यमंत्री रह चुके हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *