प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लापरवाही के विरोध में हिमाचल भाजपा ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

0

शिमला, 11 जनवरी (हि.स.)। पंजाब में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा में चूक और लापरवाही के खिलाफ भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश के सभी 74 मंडलों में मंगलवार को हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया ।
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ प्रदेश के शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज एवं शिमला नगर निगम की महापौर सत्या कौंडल ने किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजेश शारदा ने की। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा में चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब आतंकवादी घटनाओं के लिए जाना जाता है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जान भी उनकी सुरक्षा में चूक की वजह से गयी थी। राजीव गांधी की मृत्यु भी आतंकवादी घटना के कारण तमिलनाडु में हुई थी। भारद्वाज ने कहा की प्रधानमंत्री की सुरक्षा सभी प्रदेशों की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री मोदी का काफिला फ्लाईओवर पर 20 मिनट फंसा रहा। यह एसपीजी एक्ट का उलंघन भी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *