स्वतंत्रदेव सिंह ने भाजपा का शुरू किया जन सम्पर्क अभियान

0

-सरकार की उपलब्धियों को बताने वाले पैम्पलेट ‘पूरी हुई हर आस, घर-घर हुआ विकास’ भी देंगे

-तीन श्रेणियों महिला संपर्क, सामाजिक संपर्क और लाभार्थी संपर्क अभियान चलाएगी पार्टी

लखनऊ, 11 जनवरी (हि.स.)। चुनाव की घोषणा के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जनसम्पर्क अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने मंगलवार को मतदाताओं को टीका लगाकर राजधानी लखनऊ के बालू अड्डा से अभियान की शुरुआत की। क्षेत्र में लोगों के घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों को गिनाए। उनके घरों पर पम्पलेट भी चस्पा किये और भाजपा को 2022 के चुनाव में जिताने की अपील की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जनविश्वास यात्राओं में पार्टी को अपार जनसमर्थन मिला है। उसके बाद जनसम्पर्क अभियान की शुरुआत की गयी है। अभियान के तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कोरोना प्रोटोकॉल पालन करते हुए घर-घर जाएंगे। लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा किसानों, श्रमिकों, महिलाओं, युवाओं के लिए किए गए कार्यों की जानकारी लोगों को देंगे। लोगों को बताएंगे कि प्रदेश की योगी सरकार ने कैसे अपराधियों पर नकेल कसी, कैसे बेघरों को आवास मुहैया कराए, घर-घर बिजली, पानी पहुंचाने के लिए प्रयास किए हैं। हम प्रदेश की जनता को बताएंगे कि हमारी सरकार ने कैसे यूपी को रोजगार प्रदेश बनाया और कैसे किसानों के जीवन को खुशहाल बनाया।
भाजपा के इस जनसंपर्क अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता और नेता राज्य के एक लाख 74 हजार बूथों पर घर -घर जाएंगे। पांच-पांच व्यक्तियों का समूह बनाकर भाजपा कार्यकर्ता सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में सघन संपर्क अभियान चलाएंगे। पार्टी द्वारा वोटर लिस्ट के पन्ना स्तर तक लोगों से संपर्क का कार्यक्रम पार्टी ने बनाया है। सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए संपर्क टोली तैयार है। लोगों को सरकार की उपलब्धियों को बताने वाले पैम्पलेट ‘पूरी हुई हर आस, घर घर हुआ विकास’ भी देंगे।
अभियान के तहत तीन श्रेणियों में कार्यकर्ता प्रवास करेंगे। इसमें महिला संपर्क, सामाजिक संपर्क और लाभार्थी संपर्क शामिल हैं। सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के अनुरूप टोलियां बनाई गई हैं। सभी टोलियों में चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत अधिकतम पांच कार्यकर्ता शामिल किए गए हैं। संपर्क के क्रम में सभी टोलियों के लोग कोविड व्यवहार का पालन करेंगे। कार्यकर्ता माॅस्क और सैनिटाइजर का वितरण भी करेंगे। इसके अतिरिक्त संपर्क टोली लोगों के घरों में भाजपा के स्टीकर और झंडे भी लगाने का आग्रह करेगी। अभियान के तहत साढ़े तीन करोड़ लाभार्थियों से विशेष तौर पर सम्पर्क की योजना बनाई गई है।

मकर संक्रांति के बाद सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी रथ भाजपा सरकार की योजनाओं और गरीब कल्याण की योजनाओं, कानून व्यवस्था में सुधार, गुण्डाराज और माफियाराज की समाप्ति, महिलाओं-बेटियों की सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों, गरीब, वंचित कल्याण की योजनाओं के बारे में जानकारी देकर लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील करेंगे। सभी सांसद, विधायक, मंत्री, सभी जनप्रतिनिधि और पार्टी के पदाधिकारी इस जनसंपर्क अभियान का हिस्सा बनेंगे।

स्वतंत्रदेव सिंह ने बताया कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में 15 करोड़ गरीबों को डबल राशन के साथ, प्रदेश सरकार मुफ्त राशन, तेल, शक्कर, दाल का वितरण कर रही है। 3.10 करोड़ श्रमिकों को भरण पोषण के लिए 500 रुपये प्रतिमाह देने और 23 लाख श्रमिकों को भरण पोषण के लिए 1000 रुपये प्रति माह देने के लिए 230 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई है। राज्य में सभी लोगों को कोरोना का मुफ्त टीका लगाया जा रहा है।

भाजपा कार्यकर्ताओं की जनसंपर्क टोली यह भी बताएगी कि सरकार ने बेघरों की सुध ली है। इसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना में 42 लाख से अधिक आवासों का निर्माण किया गया, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 90,225 आवासों का निर्माण किया गया। अपराधियों पर नकेल कसने के तहत माफियाओं द्वारा अर्जित की गई 1574 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की गई। किसानों की खुशहाली के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 2.48 करोड़ किसानों को 32 हजार 500 करोड़ रुपये दिए गए, राज्य में 86 लाख लघु और सीमान्त किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया। यूपी को रोजगार प्रदेश बनाते हुए 4.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई और यूपी देश में 44 योजनाओं में अब नंबर वन के स्थान पर पहुंच गया। ऐसी सभी उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाई जाएंगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *