वार्ड नंबर 33 का चुनाव पूर्व मंत्री गौतम के राजनीतिक करियर करेगा फैसला

0

सिलीगुड़ी, 9 जनवरी (हि.स.)। सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव के लिए मतदान 22 जनवरी को होने वाला है। जैसे-जैसे चुनाव का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सभी पार्टियों का प्रचार तेज होता जा रहा है। इस निगम चुनाव में 33 नंबर वार्ड पर सबकी नजर गड़ी हैं। राज्य के पूर्व मंत्री गौतम देव पहली बार 33 नंबर वार्ड से चुनावी मैदान में है। जिसकी वजह से वार्ड में लड़ाई महत्वपूर्ण हो गई है। इससे पहले वह 17 नंबर वार्ड से चुनाव लड़कर जीते थे। गौतम देव का आवास भी इसी वार्ड में है।

राजनीतिक विश्लषकों के अनुसार मंत्री रह चुके गौतम देव विधानसभा चुनाव में डाबग्राम-फुलबाड़ी से लड़े थे लेकिन भाजपा की शिखा चटर्जी ने उन्हें भारी मतों से हरा दिया था। इसके बाद से पूर्व मंत्री के राजनीतिक करियर समाप्त होने की अटकलें तेज़ हो गई थी। निगम चुनाव लड़ने को लेकर भी असमंजस की स्थिति देखी जा रही थी। बताया जा रहा है कि राज्य नेतृत्व के कहने पर उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए हामी भरी है। इधर, गौतम देव जिस वार्ड से चुनाव लड़ रहे हैं, यह वार्ड डाबग्राम-फुलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में ही आता है। जहां की जनता उन्हें पहले ही नकार चुकी है। माना जा रहा है कि अब 33 नंबर वार्ड का चुनाव पूर्व मंत्री गौतम देव के भविष्य के राजनीतिक करियर का फैसला करेगा।

वहीं, गौतम देव के खिलाफ वार्ड से माकपा उम्मीदवार व पूर्व वार्ड पार्षद असीम साह, भाजपा उम्मीदवार परिमल सूत्रधर, कांग्रेस उम्मीदवार निरंजन आचार्य और निर्दलीय उम्मीदवार बिजन सरकार उन्हें कड़ी चुनाैती दे रहे है। देव के खिलाफ खड़े उम्मीदवार चुनावी प्रचार ”पारार छेले” (इलाके का निवासी) के साथ कर रहे है जबकि गौतम देव मॉडल वार्ड बनाने के उम्मीद के साथ जनता से समर्थन मांग रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *