चंडीगढ़ में बनेगा देश का दूसरा साइबर निदेशालय

0

पंचकूला/चंडीगढ़, 9 जनवरी (हि.स.)। साइबर क्राइम हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ की पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इस समस्या से निजात दिलवाने के लिए जल्दी ही चडीगढ़ में देश का दूसरा साइबर निदेशालय बनेगा।

देश में इंटरनेट व मोबाइल पर ठगों ने अपना जाल फैलाया हुआ है। ठग खुद को बैंक के अधिकारी बताकर लोगों से एटीएम कार्ड नंबर व ओटीपी पूछकर दो मिनट में लाखों की ठगी कर चंपत हो जा रहे हैं। पंचकूला व चंडीेगढ शहर के अलावा पड़ोसी राज्यों में भी साइबर क्राइम बढ रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, चंडीगढ़ शहर में ही पांच साल में 23 हजार लोग साइबर क्राइम के शिकार हुए हैं।
देश का दूसरा साइबर निदेशालय बनेगा
हैदराबाद के बाद अब चंडीगढ़ में देश का दूसरा साइबर निदेशालय बनेगा। गृह मंत्रालय (एमएचए) से इसकी मंजूरी मिल चुकी है। उत्तर भारत के प्रमुख राज्यों में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अलावा केंद्र शासित प्रदेश नई दिल्ली में भी साइबर निदेशालय नहीं, बल्कि केवल साइबर लैब ही उपलब्ध है।
ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों को रोकना सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं, विभिन्न राज्यों की पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। चंडीगढ़ प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने कहा कि आने वाले वर्षों में साइबर सुरक्षा मुख्य चुनौतियों में से एक होगी और हम नए युग की चुनौतियों का सामना करने के लिए नेतृत्व करना चाहते हैं।
साइबर जालसाजों पर सख्त हरियाणा पुलिस
हरियाणा पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश के तहत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, पंचकूला में विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों से व्यापक रूप से निपटने के लिए एक राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 155260 संचालित है। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में केंद्रीकृत हेल्पलाइन और रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म 155260 पर तुरंत रिपोर्ट किया जा सकता है। साइबर क्राइम से निपटने के लिए संसाधनों और तकनीक से पुलिस लैश है। हरियाणा पुलिस ने रोहतक, हिसार, करनाल, अंबाला, रेवाड़ी पुलिस रेंजों सहित पुलिस कमिश्नरेट फरीदाबाद में छह नए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन स्थापित किए हैं। इसके अलावा, साइबर अपराध के मामलों से निपटने के लिए पुलिस स्टेशन को सशक्त बनाने के लिए, राज्य के प्रत्येक पुलिस स्टेशन में साइबर डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। नागरिकों की सुविधा के लिए, गुरुग्राम और पंचकूला में दो अन्य साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन पहले से ही संचालित हैं।
प्रदेश के हर जिले में खोलेगें साइबर क्राइम थाने
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि प्रदेश के हर जिले में साइबर क्राइम थाने खोले जाएंगे ताकि साइबर के बढ़ते अपराध पर नकेल कसी जा सके। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम के थानों में प्रशिक्षित स्टाफ को तैनात किया जाएगा ताकि त्वरित कार्यवाही अमल में जा सके। इसके अलावा, इन साइबर थानों में आईटी प्रोफेशनल को भी रखा जाएगा, जिसके लिए जल्द ही पदों को सृजित किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *