मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए पंचकूला में की पूजा-अर्चना

0

पंचकूला, 7 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने श्री माता मनसा देवी मंदिर पंचकूला में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु के लिए पूजा-अर्चना की। इसके लिए मुख्यमंत्री ने महामृत्युंजय यज्ञ में पूर्णाहुति दी। उन्होंने श्री माता मनसा देवी से कोरोना की परिस्थितियों में प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य की भी कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में जो चूक हुई, वह बहुत ही गंभीर घटना थी। ऐसी स्थिति में हम प्रधानमंत्री की लंबी आयु एवं उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं।

पंचकूला स्थित श्री माता मनसा देवी मंदिर व यज्ञशाला में आयोजित महामृत्युंजय यज्ञ में प्रधानमंत्री की दीर्घायु व सुरक्षा की कामना के लिए शुक्रवार को आहुति दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि महामाई का आशीर्वाद हम सब प्रदेशवासियों पर बना रहे और जल्द ही हरियाणा कोरोना महामारी से मुक्त हो। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र प्रणाली में सबसे बड़ा पद प्रधानमंत्री का होता है और वे जहां भी जाते हैं, उनकी सुरक्षा व रास्ते सुनिश्चित करने की जिम्मेवारी राज्य सरकार की होती है। पंजाब में शासन व प्रशासन प्रधानमंत्री की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रहा। इसलिए हम पंजाब में राष्ट्पति शासन लागू करने की मांग करते हैं। इससे पहले ऐसी घटना कभी नहीं हुई, जब प्रधानमंत्री को किसी राज्य में इस तरह रोका गया हो। ज्ञातव्य है कि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने महामृत्युंजय यज्ञ की शुरुआत की और मुख्यमंत्री ने इसमें पूर्णाहुति दी। इस मौके पर अंबाला से सांसद रतनलाल कटारिया के अलावा अनेक गण्यमान्य उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *